पंचायत भवन के निर्माण स्थल हटाने की मांग
कटकी गांव के लोगों ने एसडीएम से की शिकायत
संवाद न्यूज एजेंसी
उसका बाजार। विकास क्षेत्र के कटकी ग्राम पंचायत में निर्माण होने वाले पंचायत भवन के स्थल चयन के संबंध में ग्रामीणों ने एसडीएम से शिकायत की। लोगों का आरोप है कि जिस जगह पर पंचायत भवन के निर्माण की जमीन चिह्नित की गई है, वह ग्रामीणों की पहुंच से दूर है।
गांव के कोकिला मणि त्रिपाठी, रामसजीवन चौधरी, रमाकांत पासवान, आलोक मणि, हरिहर पासवान, प्रमोद मिश्र, विंदराज, अवधेश, दिनेश गिरी सहित कई लोगों का कहना है कि जिस जगह पंचायत भवन का निर्माण कराया जा रहा है, वह रेलवे पटरी के किनारे वीरान और निचला क्षेत्र है। बरसात के दिनों में वहां पानी भर जाता है ऐसे में वहां सार्वजनिक कार्य या बैठक आयोजित नहीं हो सकेंगी। जिस उद्देश्य पूर्ति के लिए पंचायत भवन बनाया जा रहा है वह पूर्ण नहीं होगा। इसके अतिरिक्त इसी ग्राम पंचायत में पानी टंकी और कटका मिशन के पास ग्राम पंचायत की निष्प्रयोज्य जमीन है। इनकी मांग है कि पंचायत भवन वहीं बनाया जाए जो सर्वसुलभ हो और उसकी उपयोगिता सिद्ध हो सके। ग्रामीणों ने एसडीएम विकास कश्यप को इस संबंध में पत्र सौंप कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है। ग्राम विकास अधिकारी अलका वर्मा ने बताया कि रेलवे पटरी के नजदीक जमीन का प्रस्ताव किया गया है। अगर ग्रामीण इस जगह पर सहमत नहीं हैं तो दूसरी जगह तलाश की जाएगी। बीडीओ संगीता यादव ने बताया कि शिकायत मिली है निर्माण कार्य रोकने का निर्देश दिया गया है।