महिलाओं की बैठक कर योजनाओं के प्रति जागरूक करने के निर्देश
सिद्धार्थनगर। प्राविधिक शिक्षा, उपभोक्ता संरक्षण एवं बाट माप मंत्री आशीष पटेल ने कहा कि समूह की महिलाओं का ब्लॉकवार बैठक कर उनका सहयोग लेकर महिला सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करें। सरकार के कार्य को जनता तक पहुंचाने के माध्यम जनप्रतिनिधि हैं। इस लिए जनप्रतिनिधियों से सुझाव लेकर जनपद के विकास कार्यों की योजना बनाएं। वह कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में निर्देश दे रहे थे।
उन्होंने कहा कि जिन सामुदायिक शौचालयों के निर्माण पूर्ण हैं, उनका इस्तेमाल शुरू हो। सिंचाई विभाग बाढ़ से पूर्व चूहों के बिल और बारिश से कटान से क्षतिग्रस्त बांधों की मरम्मत करा लें। परिवहन राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार दयाशंकर सिंह ने कहा कि जनपद के स्थलीय निरीक्षण में लाभार्थियों से वार्ता कर योजनाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की गई।
उन्होंने कहा कि लाभार्थियों ने बताया कि सरकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जनपद में जो विकास कार्य चल रहे हैं, उन्हें समय से पूर्ण करें। उच्च शिक्षा राज्यमंत्री रजनी तिवारी ने कहा कि प्रदेश सरकार की ओर से चलाई जा रही योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति को मिल रहा है। हर जरूरतमंद को आवास, शौचालय, गैस कनेक्शन दिया जा रहा है। सांसद जगदंबिका पाल ने मंत्रियों के समूह से जनपद में नया जिला अस्पताल बनाए जाने की मांग की। जिलाधिकारी संजीव रंजन ने अवगत कराया कि आकांक्षी जनपद होने के बाद भी यहां पर कर्मचारियों की बहुत कमी है, फिर भी सभी कार्य सुचारु रूप से संचालित किए जा रहे हैं।
बैठक में सीडीओ पुलकित गर्ग ने बताया कि जनपद में 519 पंचायत भवन, 988 सामुदायिक शौचालयों का निर्माण कराया गया। 382 प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों में स्मार्ट क्लास बनाए गए हैं। इसके अलावा 11 कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय तथा एक राजकीय कन्या इंटर कॉलेज नौगढ़ में कंप्यूटर लैब स्थापित किया गया है। जनपद में 53 गौशाला संचालित हैं।
इसके साथ ही स्कूल चलो अभियान के तहत शासन की ओर से 69155 विद्यार्थियों के नामांकन का लक्ष्य प्राप्त हुआ है, जिसके सापेक्ष 62442 का नामांकन हो गया है। बैठक में विधायक जयप्रताप सिंह, विधायक विनय वर्मा, एमएलसी सुभाष यदुवंश, आयुक्त बस्ती मंडल गोविंद राजू एनएस, आईजी मोदक राजेश डी राव, डीडीओ शेषमणि सिंह, अधीक्षण अभियंता बिजली एके श्रीवास्तव, डीसी मनरेगा संजय शर्मा, डीपीआरओ आदर्श आदि मौजूद रहे।
कोतवाली व सीएचसी का किया निरीक्षण
मंत्रियों के समूह ने रविवार को कोतवाली कपिलवस्तु का निरीक्षण कर निर्माणाधीन 30 बैरक वाले भवन को देखा तथा संबधित को गुणवत्तापूर्ण एवं समय कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने महिला हेल्प डेस्क में तैनात महिला सिपाही को निर्देश दिए कि आने वाली महिलाओं से अच्छा व्यवहार करें तथा उनके पीने के लिए पानी आदि की व्यवस्था करें। इसके बाद मंत्रियों ने कपिलवस्तु स्तूप को देखा तथा उसके बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने सीएचसी शोहरतगढ़ का निरीक्षण कर उपस्थिति पंजिका देखी। जिनकी सेवा थी, उनमें से कुछ अनुपस्थित मिले। इस पर मंत्री आशीष पटेल ने नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्देश दिए कि प्रत्येक दिन सभी डॉक्टर व कर्मचारी समय से आएं और लोगों का सही ढंग से इलाज करें। उन्होंने अस्पताल परिसर की सफाई व्यवस्था ठीक कराने के निर्देश दिए।
बांध और आवास का भी निरीक्षण
मंत्रियों के समूह ने बूढ़ी राप्ती नदी के बाएं तट पर स्थित लखनापार-बैदौला तटबंध के किमी 7.200 से 8.450 के मध्य ग्राम तनेजवा कटान स्थल का निरीक्षण किया। कराए जा रहे कार्य को सही ढंग से कराने तथा समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्हें अधिशासी अभियंता सिंचाई निर्माण खंड आरके सिंह ने बताया कि जनपद में कराए जा रहे सभी कार्य 15 जून 2022 तक पूर्ण हो जाएंगे। कटान स्थलों पर पूरी तैयारी की जा रही है। चूहों के बिल और बारिश से कटान वाली जगहों की मरम्मत हो रही है। उन्होंने शोहरतगढ़ ब्लॉक के ग्राम पंचायत परसिया में बने प्रधानमंत्री आवास ग्रामीण का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास ग्रामीण की लाभार्थी पुनीता पाठक से पूछा कि आपको सरकार की ओर से चलाई जा रही योजनाओं का लाभ मिलता है। इस पर लाभार्थी ने बताया गया कि उनके पास रहने के लिए घर नहीं था। अब प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिल गया है।