लोगों को भूसा दान करने के लिए करें प्रेरित : सीडीओ
सिद्धार्थनगर। सीडीओ पुलकित गर्ग ने कहा कि भूसा दान करने के लिए प्रधानों के माध्यम से किसानों एवं अन्य लोगों को जागरूक करें, ताकि गोशाला पर भूसा भंडारण की व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने विकास भवन सभागार में विकास कार्यों, योजनाओं की समीक्षा के दौरान निर्देश दिए। बैठक में आरईएस के कार्यों की भी समीक्षा की गई।
मुख्य विकास अधिकारी ने खंड विकास अधिकारियों को निर्देश दिए कि जो सहकारी समितियां जर्जर हैं, उनकी मरम्मत कराई जाए। इसके अलावा खंड विकास अधिकारी को निर्देश दिए कि ग्राम प्रधानों के माध्यम से लोगों को जागरूक कर अधिक भूसा दान करने के लिए प्रेरित करें। कहा कि कोई भी छुट्टा पशु सड़क पर न घूमे।
उसे गोशाला में पहुंचाया जाए। सहभागिता योजना के तहत लाभार्थी के खाते को सही कराकर भुगतान कराएं। अल्पसंख्यक विभाग की शादी अनुदान तथा दिव्यांग पेंशन का सत्यापन लंबित न रहे। बैठक में डीडीओ शेषमणि सिंह, डीसी मनरेगा संजय शर्मा, डीसी एनआरएलएम योगेंद्र लाल भारती, अपर मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. वीरेंद्र राव, खंड विकास अधिकारी नौगढ़ संगीता यादव सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।