ईद के त्योहार को लेकर डुमरियागंज में डिजायनदार कुर्ता पायजामा की खरीददारी करते लोग। संवाद
भारतभारी। ईद के त्योहार को लेकर डुमरियागंज क्षेत्र के बाजारों में रौनक लौट आई है। त्योहार की तैयारियों के बीच लोग परिवार के साथ बाजारों में खरीदारी करने पहुंच रहे हैं। कपड़ों और अन्य जरूरी सामान की दुकानों पर सुबह से ही ग्राहकों की भीड़ दिखाई देने लगी है। खासकर युवाओं और बच्चों में नए फैशन के कुर्ता-पायजामा को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है।
क्षेत्र के प्रमुख बाजार डुमरियागंज, हल्लौर, बेवा चौराहा, बयारा, मोतीगंज और भारतभारी समेत अन्य बाजारों में सुबह से ही खरीदारी का सिलसिला शुरू हो जाता है। दोपहर होते-होते बाजारों में भीड़ काफी बढ़ जाती है और देर शाम तक लोगों की आवाजाही बनी रहती है।
बाजारों में महिलाओं, युवतियों और युवाओं की खासी भीड़ देखने को मिल रही है। लोग अपने परिवार के लिए नए कपड़े, बच्चों के लिए आकर्षक परिधान और ईद से जुड़ी अन्य वस्तुएं खरीद रहे हैं।
व्यापारी सरफराज का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से बाजार में खरीदारी में तेजी आई है। जैसे-जैसे ईद का त्योहार नजदीक आएगा, बाजारों में भीड़ और बढ़ने की उम्मीद है। त्योहार के चलते व्यापारियों को भी अच्छे कारोबार की उम्मीद है। वहीं खरीदारों का कहना है कि ईद आपसी भाईचारे और खुशियों का पर्व है। संवाद