विशेष अभियान में 54 हजार लोगों को कोरोना से बचाव के लिए लगी वैक्सीन
सिद्धार्थनगर। कोरोना से बचाव के लिए टीकाकरण की रफ्तार को बढ़ाने के लिए मंगलवार को जिले में 50,100 लक्ष्य के सापेक्ष 54 हजार को वैक्सीन लगाई गई। वैक्सीन डोज के अभाव में लगभग पांच हजार लाभार्थी वापस लौटने को मजबूर हो गए। वहीं कुछ जगहों पर टीका लगवाने के लिए लोग जूझते रहे।
जिले में 269 जगहों पर पर विशेष अभियान के तहत टीकाकरण किया गया। इस दौरान टीका लगाने में तीन सौ स्वास्थ्य कर्मियों ने भूमिका निभाई। जिलाधिकारी दीपक मीणा ने हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर उसका बाजार, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जोगिया में बने टीकाकरण केंद्र का निरीक्षण किया। उनके साथ डॉ. अनार सिंह धाकड़ भी रहे। बुधवार को कोरोना वैक्सीन का अभाव रहेगा। समाचार लिखे जाने तक राज्य स्तर से अभी तक जिले के लिए वैक्सीन डोज की उपलब्धता नहीं कराई गई है। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. संदीप चौधरी ने बताया कि विशेष दिवस में 50, 100 का लक्ष्य था। पूर्व में बची वैक्सीन डोज के साथ ही 54 हजार को टीका से लाभान्वित किया गया। राज्य स्तर से टीका उपलब्ध होने के बाद पुन: नियमित ढंग से टीकाकरण अभियान जारी रहेगा।
बांसी प्रतिनिधि के मुताबिक, नगर पालिका बांसी में 530 लोगों को वैक्सीन लगी। वैक्सीन की डोज खत्म होने से कई लोगों को निराश होना पड़ा। कबूतरी, वीरेंद्र, सोनू, लक्ष्मी देवी ने बताया कि टीका खत्म हो जाने के कारण उन्हें बिना लगवाए वापस जाना पड़ा। डुमरियागंज प्रतिनिधि के मुताबिक, तहसील क्षेत्र में छह हजार लोगों को कोरोनारोधी टीके लगाए गए। उसका बाजार प्रतिनिधि के मुताबिक, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र समेत अंतर्गत संचालित 16 उपकेंद्र पर तीन हजार लोगों को कोरोना से बचाव के लिए कोविशील्ड की डोज लगाई गई। इस विशेष अभियान में रजिस्ट्रेशन कराने वालों का टीकाकरण हुआ है। टीका लगवाने वालों में काफी उत्साह था। लोग सुबह से ही अपने केंद्रों पर पहुंच गए थे। मन्नीजोत प्रतिनिधि के मुताबिक, ब्लॉक क्षेत्र में 23 बूथों पर चार हजार लोगों ने टीका लगवाया।
पकड़ी बाजार प्रतिनिधि के मुताबिक, जोगिया के प्राथमिक विद्यालय बभनी बाजार में 302 और भपसी के प्राथमिक विद्यालय पर 150 लोगों को टीका लगाया गया। बढ़नी प्रतिनिधि के मुताबिक, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सहित 20 केंद्रों पर 3208 लोगों ने वैक्सीन लगवाई। इटवा प्रतिनिधि के मुताबिक, 41 केंद्रों पर 4070 लोगों को कोरोना रोधी टीके लगाए गए। शोहरतगढ़ प्रतिनिधि के मुताबिक, सीएसची शोहरतगढ़ अंतर्गत क्षेत्र में 16 केंद्र बनाए गए थे। इस दौरान तीन हजार लोगों को टीका लगाया गया।
लोटन प्रतिनिधि के मुताबिक, विकास खंड अंतर्गत 13 केंद्र पर तीन हजार लोगों का टीकाकरण हुआ। पुलिस बल की भी तैनाती की गई थी। डोज कम पड़ने के कारण दोपहर में ही लोगों को वापस होना पड़ा। खेसरहा प्रतिनिधि के मुताबिक, ब्लॉक क्षेत्र के 28 केंद्रों पर तीन हजार लोगों को कोरोनारोधी वैक्सीन लगाई गई। तिलौली प्रतिनिधि के मुताबिक, सीएचसी तिलौली समेत अधीन 27 उप केंद्रों पर 3491 लोगों को वैक्सीन लगाई गई।