सिद्धार्थनगर। जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में बुधवार को युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल के तत्वावधान में पीआरडी का 76वां स्थापना दिवस मनाया गया। परेड की सलामी मुख्य अतिथि सीडीओ जयेंद्र कुमार, भाजपा के जिला मंत्री फतेह बहादुर सिंह और अजय कुमार उपाध्याय ने ली। इस मौके पर जवानों में जबरदस्त उमंग और उत्साह देखने को मिला।
भाजपा के जिलामंत्री फतेह बहादुर सिंह ने कहा कि आने वाले दिनों में पीआरडी का महत्व और बढ़ेगा, इसलिए हर चुनौती के लिए तैयार रहने की जरूरत है। भाजपा के जिलामंत्री अजय कुमार उपाध्याय ने कहा कि पीआरडी वर्दी वाली फोर्स है, इसलिए सभी को अनुशासन में रहकर आगे बढ़ना है। समाज हो या फोर्स, अनुशासन में रहने वाले ही आगे बढ़ते हैं। जिला युवा कल्याण अधिकारी विनय प्रताप राव ने कहा कि पीआरडी की स्थापना 1948 में हुई थी। तब से आज तक पीआरडी जवान, पुलिस के साथ कंधे से कंधा मिलाकर ड्यूटी में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। परेड में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टोलियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। रस्साकसी एवं कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें विजयी टीमों को पुरस्कार दिया गया।
जिला स्टेडियम में मार्चपास्ट के दौरान पायलट के रूप में क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी बलवंत कुमार यादव ने कमान संभाली। रोशनी श्रीवास्तव समेत परेड कमांडर राज किशोर दुबे, दयाशंकर मौर्या, गुलाम हुसैन और सुषमा देवी के नेतृत्व में परेड कराई गई। सीडीओ जयेंद्र कुमार ने स्थापना दिवस पर आयोजित परेड की प्रशंसा करते हुए समस्त बीओ, पीआरडी एवं प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं।
इस दौरान अरुण कुमार प्रजापति, अधिवक्ता शेषमणि प्रजापति, मुलायम सिंह यादव, आशुतोष पांडेय, नर्वदा आदि मौजूद रहे।