इटवा-मिठौआ मार्ग पर मरम्मत में डाली जा रहीं बड़ी गिट्टियां।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
इटवा। क्षेत्र के इटवा-मिठौआ मार्ग के निर्माण में मानकों की अनदेखी हो रही है। गुणवत्ताहीन कार्य का आलम यह है कि एक तरफ से सड़क बन रही है तो दूसरी ओर से गिट्टियां उखड़ने लगी हैं। सड़क निर्माण में अनियमितता से असंतुष्ट क्षेत्रीय लोगों ने निर्माण कार्य की जांच की मांग की है।
इटवा-मिठौआ मार्ग लंबे समय से बदहाल है। क्षेत्रवासियों की ओर से लगातार मरम्मत की मांग को देखते हुए डीएम के निर्देश पर विभाग ने सड़क का मरम्मत कार्य शुरू कराया, मगर कार्य शुरू होते ही कार्यदाई संस्था पर मानक के विपरीत काम कराने का आरोप लगना शुरू हो गया है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि कार्य में मनमाने तरीके से जीरो साइज गिट्टी के स्थान पर बड़ी गिट्टियों का प्रयोग किया जा रहा है। तारकोल के अनुपात में भी मानकों को दरकिनार कर दिया जा रहा है। नतीजा यह है कि मरम्मत होते ही गिट्टियां उखड़नी शुरू हो गई हैं।
क्षेत्रवासियों ने बताया कि मरम्मत के नाम पर जिम्मेदार मानकों को दरकिनार कर सरकारी धन की बंदरबाट में लगे हुए हैं। विभाग के इस मनमाने रवैये से क्षेत्रीय नागरिको में रोष है। स्थानीय लोगों ने उच्चाधिकारियों से जांच कर संबंधित कार्यदायी संस्था के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में उपजिलाधिकारी इटवा जुबेर बेग ने कहा कि मरम्मत कार्य में गुणवत्ता की खराबी के बारे में विभाग को अवगत करा दिया गया है। पीडब्ल्यूडी एक्सईएन आशुतोष मणि ने बताया कि शिकायत की जांच की जाएगी। यदि मरम्मत कार्य मानक के विपरीत मिला तो कार्यदाई संस्था पर कार्रवाई की जाएगी।