सिद्धार्थनगर। शैक्षिक सत्र 2016-17 में प्राथमिक व पूर्व माध्यमिक विद्यालयों में यूनीफार्म की गुणवत्ता व समय से वितरण कराए जाने के संबंध में गुरुवार को विकास भवन सभागार में बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए डीएम नरेंद्र शंकर पांडेय ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिया कि बच्चों को निशुल्क ड्रेस उपलब्ध कराए जाने के संबंध में एक लाख से ऊपर का क्रय किए जाने में उसका टेंडर समाचार पत्रों में अनिवार्य रूप से कराया जाए।
उन्होंने बताया कि ड्रेस की गुणवत्ता की जांच के लिए टास्क फोर्स का गठन किया जाएगा। बच्चों को दी जाने वाली ड्रेस की गुणवत्ता हर हाल में सुनिश्चित होनी चाहिए। ड्रेस वितरण के संबंध में कोई भी शिकायत मिलने पर संबंधित खंड शिक्षा अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। शासन द्वार नियत तिथि 15 जुलाई से ड्रेस क्रय किए जाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
सीडीओ अखिलेश तिवारी ने कहा कि ड्रेस की क्वालिटी के संबंध में पिछले सत्र में मिली शिकायतों को देखते हुए इस वर्ष कपड़े की गुणवत्ता व सिलाई पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। उन्होंने जिला ग्रामोद्योग व जिला उद्योग विभाग से सहायता प्राप्त सिलाई-कढ़ाई समूह की सूची प्राप्त कर ड्रेस की सिलाई में उनका भी सहयोग लिए जाने का निर्देश दिया।
यूनीफार्म का समयबद्ध वितरण कराए जाने हेतु जिला स्तरीण समिति का गठन किया गया है। बीएसए अरविंद कुमार पाठक ने कहा कि विद्यालय प्रबंध समिति द्वारा यूनीफार्म प्राप्त होने पर भुगतान हेतु प्रस्तुत देयक के सापेक्ष 75 प्रतिशत व शेष 25 प्रतिशत भुगतान सैंपल से मिलान के बाद बच्चों की फिटिंग ठीक पाए जाने पर व जिला स्तरीय समिति द्वारा टास्क फोर्स समिति के निरीक्षण के पश्चात कपड़े की गुणवत्ता ठीक पाए जाने पर किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि ड्रेस वितरण के संबंध में शिकायत दर्ज कराने के लिए कंट्रोल रूम की स्थापना की गई है, जिसका फोन नंबर 05544-220583 है। कक्षा एक से आठ तक के छात्र-छात्राओं को दो सेट यूनीफार्म वितरित किया जाएगा। बैठक में एडीएम पीके जैन, सीएमओ डॉ.राजेंद्र कपूर व खंड शिक्षा अधिकारी व्यासदेव, राम सुयश वर्मा, जितेंद्र बहादुर चौधरी, विजय कुमार गुप्ता, रीता गुप्ता, मनीराम वर्मा, रमेश कुमार, पीपी राणा, चंद्रमणि, शिवकुमार आदि मौजूद रहे।