मानव तस्कर के चंगुल से नाबालिग को छुड़ाया
एसएसबी सीमा चौकी ककरहवा के जवानों ने तस्कर को पकड़ा
पूछताछ के बाद नेपाल पुलिस के सुपुर्द किया
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। सीमा पर सामान की तस्करी के साथ ही मानव तस्करी के मामले में बढ़ गए हैं। एक सप्ताह के भीतर दो मामले सामने आ चुके हैं। रविवार देर शाम भी एसएसबी 43वीं वाहिनी सीमा चौकी ककरहवा के जवानों ने सीमा पास करते हुए एक नेपाली लड़की और उसके साथ एक युवक को पकड़ा। पूछताछ के बाद उसे नेपाल पुलिस को सुपुर्द कर दिया गया। इससे पहले 15 नेपाली नाबालिग लड़के पकड़े गए थे। उन्हें रोजगार की लालच देकर मानव तस्कर ले जा रहे थे।
एसएसबी 43वीं वाहिनी के उप कमांडेंट मनोज कुमार ने बताया कि देर शाम ककरहवा सीमा के चौकी के जवानों ने चेकिंग के दौरान संदेह होने पर एक युवक और नेपाली लड़की को पकड़ा। पूछताछ में पता चला कि शादी का झांसा देकर मानव तस्कर लड़की को ले जा रहा था। मानव तस्कर ने अपनी पहचान रामअवतार रैदास गांव बिछवापुर वार्ड नंबर तीन थाना पकड़ी जिला कपिलवस्तु नेपाल बताया। पूछताछ के बाद दोनों को नेपाल पुलिस के हवाले कर दिया गया।