होली के हुडदंग के बीच डीजे का स्टेज टूटने से दो युवक घायल हो गए। घटना थाना चिल्हिया के ग्राम चिल्हिया डिहवां में गुरुवार की सुबह करीब 10 बजे की बताई जा रही है। घायलों का नाम करीम (18) व रामू (25) है। घायलों का इलाज बीआरडी मेडिकल कालेज गोरखपुर में चल रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार होली के दिन गांव के युवकों ने डीजे बजाने का प्रोग्राम बनाया था। इसको लेकर स्थानीय स्तर पर एक दुकानदार से स्टेज समेत डीजे लगाने का अनुबंध किया।
दुकानदार ने आठ चौकियों को जोड़कर स्टेज बना दिया। डीजे बजने के साथ ही युवकों का समूह स्टेज पर डांस करने के लिए चढ़ गया। वजन पड़ने पर स्टेज टूट गया। इस संबंध में प्रभारी थानाध्यक्ष रामनगीना ने बताया कि मामला संज्ञान में है। घायल युवकों का इलाज बीआरडी मेडिकल कालेज में चल रहा है। पुलिस से डीजे की अनुमति नहीं ली गई थी।