शहर के इंदिरानगर मुहल्ले में उतरा हाईवोल्टेज करंट।
- फोटो : अमर उजाला
सिद्धार्थनगर। नगर के इंदिरानगर मोहल्ले के कई घरों में हाईवोल्टेज करंट दौड़ने से अफरा-तफरी मच गई। संयोग ही रहा कि लोग बाल-बाल बच गए। हालांकि कई घरेलू विद्युत उपकरण जल गए। लोगों ने घटना के लिए बिजली विभाग के कर्मचारियों को जिम्मेदार बताया है। उनका आरोप है कि घरेलू लाइन में आए दिन मनमर्जी से छेड़छाड़ के चलते यह स्थिति बनी है।
इंदिरानगर में राजकीय कन्या इंटर कॉलेज की बाउंड्री से सटा विद्युत ट्रांसफार्मर लगा है। ट्रांसफार्मर को जाने वाले 11 हजार वोल्ट तार के पास से ही घरेलू लाइन के तार भी गुजर रहे हैं। गुरुवार की देर शाम घरेलू लाइन का तार 11 हजार वोल्ट के तार से स्पर्श हो गया। इससे करीब एक दर्जन घरों में हाईटेंशन करंट दौड़ गया। इसकी चपेट में आने से रत्नेश प्रताप सिंह के घर का विद्युत मोटर, बल्ब, टीवी, फ्रिज का स्टेबलाइजर, विजय बहादुर लाल के घर में बल्ब, मोटर, विधान चौधरी के घर से मोबाइल चार्जर, स्टेबलाइजर सहित कई उपकरण जल गए। अचानक तेज करंट उतरने से लोग सहम गए। आनन-फानन में बिजली विभाग को सूचना देकर आपूर्ति बंद कराई गई। रत्नेश सिंह के मुताबिक बिजली विभाग के कर्मचारी निजी हित के चक्कर में आए दिन रूटीन लाइन में छेड़छाड़ करते रहते हैं।
तार को इधर-उधर करने के चलते यह स्थिति उत्पन्न हुई है। कई बार इस पर अंकुश लगाने के लिए कहा गया, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही। बताया कि सूचना एसडीओ-जेई को भी दे दी गई, लेकिन कार्रवाई अब तक नहीं हुई। उधर, इस संबंध में एक्सईएन घनश्याम मिश्र का कहना था कि क्षेत्रवासियों के आरोप निराधार हैं। जंपर उडने से यह स्थिति बनी थी। तत्काल कर्मचारियों को भेजकर खराबी दूर करा दी गई है। अगर कोई कर्मचारी अपने स्तर से लाइन में छेड़छाड़ कर रहा है तो लोग उसकी शिकायत करें, कार्रवाई की जाएगी।