खुनुवां। शोहरतगढ़ तहसील क्षेत्र के खुनुवां बॉर्डर स्थित कस्बे में तीन रिहायशी मकानों के ऊपर से महज छह फीट ऊपर से 11 केवी की हाईटेंशन लाइन गुजर रही है। कस्बे के लोगों का कहना है कि यदि समय रहते लाइन को शिफ्ट नहीं किया गया तो हादसे का खतरा हो सकता है।
उस्मान, शिव प्रसाद और राम कृष्ण ने बताया कि 7 सितंबर 2018 को तत्कालीन डीमए को शिकायत पत्र देकर तार हटाने की मांग की थी। जब इस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई तो 16 जनवरी 2021 को समन्वित शिकायत निवारण प्रणाली (जनसुनवाई) पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत के बाद अधिशासी अभियंता कार्यालय, बिजली निगम की ओर से वर्ष 2021-22 में लाइन व पोल शिफ्टिंग के लिए 9,76,252 रुपये का एस्टीमेट जारी किया गया, लेकिन उसके बाद मामला ठंडे बस्ते में चला गया।
पीड़ितों का आरोप है कि कई बार मौखिक और लिखित रूप से अधिकारियों को अवगत कराने के बावजूद अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। घर से महज छह फीट ऊपर हाईटेंशन तार का होना सीधे तौर पर नियमों का उल्लंघन माना जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश और आंधी-तूफान के दौरान करंट या तार टूटने का खतरा और अधिक बढ़ जाता है, जिससे परिवार हमेशा दहशत में जीने को मजबूर हैं।
-
व्यापार संगठन और ग्रामीणों ने उठाई आवाज
खुनुवां उद्योग व्यापार संगठन के अध्यक्ष रविन्द्र कुमार गुप्ता, महामंत्री सचमुच त्रिपाठी, राजीव श्रीवास्तव, शमीम अहमद, दिनेश कुमार गुप्ता, कृष्ण कुमार मिश्र, पटवारी यादव और ग्राम प्रधान संजय कुमार सहित अन्य कस्बे वासियों ने प्रशासन और बिजली निगम से शीघ्र समाधान की मांग की है। उनका कहना है कि या तो लाइन को सुरक्षित ऊंचाई पर पुनर्स्थापित किया जाए या फिर इसे अन्य स्थान पर शिफ्ट किया जाए।
कोट
मामला संज्ञान में है। तकनीकी रिपोर्ट के आधार पर उच्चाधिकारियों को प्रस्ताव भेजा गया है। स्वीकृति मिलते ही आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
- राजेश कुमार साहनी, जेई, परसिया उपकेंद्र