शोहरतगढ़/चिल्हिया। ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान गांव में ही करने के उद्देश्य से शोहरतगढ़ विकास खंड के अगया और टेड़िया बाजार में शुक्रवार को जन चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में नवागत बीडीओ विमल कुमार श्रीवास्तव ने केंद्र व प्रदेश सरकार की ओर से चलाई जा रही महत्वाकांक्षी और लाभकारी योजनाओं के बारे में ग्रामीणों को जागरूक किया। कहा कि हर पात्र तक योजनाओं का लाभ अवश्य पहुंचाया जाएगा।
बीडीओ ने कहा कि गांवों को स्वच्छ बनाए रखने में योगदान अवश्य करें। खुद भी अपने आसपास सफाई करें। शौचालय के नियमित उपयोग करें और समय से जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने के लिए आवेदन अवश्य करें। आरबीआई प्रतिनिधि संतोष शुक्ला ने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना, मुख्यमंत्री सड़क दुर्घटना सहायता, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, अटल पेंशन योजना, सुकन्या समृद्धि योजना, फैमिली आईडीके साथ साइबर अपराध से बचाव के संबंध में जानकारी दी।
इस दौरान कुंवर कन्नौजिया, सचिव अजय भारती, प्रधान सुभाष यादव, अवर अभियंता विद्युत राजेश साहनी, प्रधान प्रतिनिधि राजेंद्र कुमार, पंचायत सहायक फूला चौहान सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।