स्वास्थ्य कर्मियों ने लगाई सुरक्षा की गुहार
सिद्धार्थनगर। जिला अस्पताल के चिकित्सकों ने एक व्यक्ति पर धमकी देने का आरोप लगाया है। सिक नियोनेटल केयर यूनिट (एसएनसीयू) वार्ड में तैनात डॉक्टर और स्वास्थ्य कर्मियों ने सदर पुलिस को शिकायती पत्र देकर सुरक्षा की गुहार लगाई है। मामला शनिवार की रात का बताया जा रहा है।
सदर थाने में दिए गए तहरीर में डॉ. शैलेंद्र कुमार और डॉ. संजय चौधरी सहित स्वास्थ्य कर्मियों ने जानकारी दी है कि एसएनसीयू वार्ड में एक व्यक्ति आया था, उसके बच्चे की हालत ठीक नहीं थी। उसे यह बताया गया था, इसके बाद इलाज शुरू हुआ है। देर रात महिला का पति स्टाफ से अभद्र व्यवहार करने लगा और गाली देने लगा। जब स्वास्थ्य कर्मियों ने विरोध किया तो नेता का करीब बताते हुए जान से मार देने की धमकी दी और नौकरी से निकलवा देने की बात कह रहा था। मामले की जांच करते हुए कार्रवाई की जाए और सुरक्षा मुहैया कराई जाए। एसओ सदर राजेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। महिला ने भी शिकायती पत्र दिया है। मामले की जांच की जा रही है, सत्यता के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।