महिला के हत्यारोपित सास-ससुर समेत तीन गिरफ्तार
कपिलवस्तु। नेपाल में गैर व्यक्ति से संबंध के संदेह में एक महिला को उसके ससुराल वालों ने मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने हत्या के आरोप में मृतका के सास-ससुर और देवरानी को गिरफ्तार किया है। नेपाल के परसा जिले के बहादुर माई नगर पालिका के वार्ड संख्या आठ राम नगर निवासी उर्मिला देवी (25) का पति और देवर कमाने बाहर गए हुए थे। इस बीच उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई और परिजनों ने उसका शव दाह संस्कार को ले गए थे। दाह संस्कार के दौरान सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने अधजले शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। मामले की छानबीन में पता चला की दूसरे व्यक्ति से अवैध संबंध के शक में ससुर सुरेश, सांस फूल कुमारी और देवरानी मालती ने उसकी हत्या कर दी है। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। नेपाल के परसा जिले के एसपी गंगा पंत ने बताया कि सूचना के आधार पर आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले की छानबीन की जा रही है।