हेडकांस्टेबल महेंद्र चौहान। फाइल फोटो
- फोटो : SIDDHARTHNAGAR
रात में गश्त पर जा रहे हेड कांस्टेबल को ट्रक नें रौंदा, मौत
गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान तोड़ा दम
भवानीगंज थानाक्षेत्र के भड़रिया पुलिस बूथ के पास हुआ हादसा
भवानीगंज(सिद्धार्थनगर)। भवानीगंज थाने में तैनात एक हेड कांस्टेबल मंगलवार देर रात गश्त पर जा रहे थे। भड़रिया पुलिस बूथ के पास ट्रक ने उन्हें रौंद दिया। उसकी मौत हो गई। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया। चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस केस दर्ज कर मामले जांच कर रही है।
गोरखपुर जनपद के गोला बाजार थानाक्षेत्र के पोतादेउर गांव निवासी 46 वर्षीय महेंद्र चौहान हेड कांस्टेबल थे। वह वर्तमान में सिद्धार्थनगर जनपद के भवानीगंज थाने में तैनात थे। बताया जा रहा है मंगलवार को वह रात्रि गश्त पर बनगवा नानकार से बिथरिया बैंक पर जा रहे थे। पुलिस बूथ भड़रिया चौराहे पर पहुंचे ही थे कि बेवां की तरफ से आ रहे ट्रक ने बाइक को चपेट में ले लिया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंचे आसपास के लोग व पुलिसकर्मी उन्हें सीएचसी बेवां ले गए। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद बस्ती जिला अस्पताल रेफर कर दिया। बस्ती के डॉक्टरों ने हालत गंभीर देख मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। गोरखपुर मेडिकल कॉलेज लाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
हेड कांस्टेबल की पत्नी की छह माह पहले बीमारी से मौत हो चुकी है। चार बच्चों में कनकलता (28) व सूरज कुमार (25) की शादी हो चुकी है। चंदन कुमार (23) व प्रियंका (19) अविवाहित हैं। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक भवानीगंज अंजनी कुमार राय ने बताया कि चालक फरार हो गया है। ट्रक को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।