संवाद न्यूज एजेंसी
डुमरियागंज। होली पर धर्म रक्षा मंच के तत्वाधान में मंगलवार सुबह नौ बजे क्षेत्र के बैदौला स्थित भरत चौक से भगवान नृसिंह की महाआरती के बाद भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसकी तैयारियां पूरी कर ली गई है। कार्यक्रम को लेकर धर्म रक्षा मंच के पदाधिकारियों और सदस्यों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
धर्म रक्षा मंच के संरक्षक एवं पूर्व विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोग मंगलवार को होली के मौके पर बैदौला चौराहा (भरत चौक) से एकत्रित होकर भगवान नरसिंहजी की आरती करने के बाद भव्य झांकी व शोभायात्रा में शामिल होंगे। शोभायात्रा बैदौला चौराहा से प्रारंभ होकर मंदिर चौराहा, थाना, पुरानी बाज़ार होते हुए हनुमान मंदिर तेलियाना मोहल्ला के बाद खीरा मंडी पहुंचकर प्रसाद वितरित कर समाप्त की जाएगी। उन्होंने सभी से होली पर अबीर गुलाल का टीका लगाकर एक दूसरे से सौहार्द और शांतिपूर्ण तरीके से होली त्योहार मनाने का आह्वान किया। उन्होंने भगवान नृसिंह महाआरती आयोजन समिति भरत चौक (बैदौला चौराहा) के पदाधिकारियों से कार्यक्रम को यादगार और भव्य बनाने में पूरा सहयोग करने की अपील की।
पूर्व विधायक ने धर्म रक्षा मंच के पदाधिकारियों के साथ सोमवार को बैदौला चौराहा (भरत चौक) पहुंचकर तैयारी का जायजा लिया।
होलिका दहन, शुरू हुआ रंग खेलने का सिलसिला
डुमरियागंज। होली की पूर्व संध्या पर रविवार रात नगर स्थित मंदिर चौराहा सहित तहसील क्षेत्र में 216 स्थानों पर होलिका दहन का कार्यक्रम शांतिपूर्ण माहौल में सकुशल संपन्न हो गया।
इसको लेकर तहसील और पुलिस प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था में मुस्तैद रहा। होलिका दहन के बाद अब रंग खेलने का सिलसिला शुरू हो गया है जो लगातार दो दिनों तक चलता रहेगा। हर तरफ होली की धूम मच गई है। डुमरियागंज नगर स्थित मंदिर चौराहा के निकट होलिका दहन कार्यक्रम को शकुशल संपन्न कराने के लिए एसडीएम डॉ. संजीव दीक्षित और सीओ अखिलेश वर्मा तथा थानाध्यक्ष मुकेश राय भारी पुलिस फोर्स के साथ वहां पर मौजूद रहे। पूजा अर्चना के साथ होलिका जलाई गई। थानाध्यक्ष मुकेश राय ने बताया होली के दिन क्षेत्र के संवेदनशील स्थानों पर विशेष नजर रखी जाएगी। सीओ अखिलेश वर्मा ने बताया कि होली के त्योहार को परंपरागत तरीके से सकुशल संपन्न कराने के लिए क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहेंगे। संवाद