सीसीटीवी और त्वरित चेकिंग से पुलिस ने कुछ ही घंटों में सुलझाया मामला
इटवा। इटवा क्षेत्र में ई-रिक्शा में भूलवश छूटा एक बैग, जिसमें करीब चार लाख रुपये के जेवरात और नकदी थी, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बरामद कर आवेदिका को सुरक्षित लौटा दिया।
18 मई को बस्ती के सोनहा थाना क्षेत्र के मदीना पत्नी कमाल अपने परिवार के साथ पहाड़ापुर चौराहा से शाहपुर चौराहा तक ई-रिक्शा से जा रही थीं। यात्रा के दौरान उनका बैग, जिसमें कपड़े, जेवरात और नकदी रखी थी, उतरते समय ई-रिक्शा में ही छूट गया। बाद में ई-रिक्शा चालक उसे लेकर चला गया। अगले दिन 19 मई को मामले की सूचना थाना इटवा पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी शाहपुर उपनिरीक्षक विनय प्रताप सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच शुरू कर दी। पुलिस टीम ने मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद ली और सभी सफेद रंग के ई-रिक्शा की जांच एवं पूछताछ शुरू की। लगातार प्रयासों के बाद ई-रिक्शा चालक रामप्रकाश यादव पुत्र घिराऊ यादव, निवासी कोहला थाना इटवा बैग लेकर चौकी शाहपुर पर पहुंचा। पुलिस ने आवेदिका को बुलाकर बैग की जांच कराई, जिसमें मंगलसूत्र, टॉप्स, बाली सहित लगभग 30 ग्राम सोने के जेवरात और 15,082 नकद सुरक्षित पाए गए। पुलिस ने पूरा सामान विधिवत आवेदिका को सुपुर्द किया। अपना कीमती सामान सुरक्षित वापस पाकर मदीना और उनके परिवार ने राहत की सांस ली और इटवा पुलिस की तत्परता एवं संवेदनशीलता की जमकर सराहना की।