सिद्धार्थनगर। कलक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को आयुष्मान आरोग्य मंदिरों और योग वेलनेस सेंटरों पर कार्यरत योग प्रशिक्षक, योग सहायक व अंशकालिक योग प्रशिक्षकों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इसकी अध्यक्षता जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने की, जबकि मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह भी मौजूद रहे।
बैठक में जिलाधिकारी ने जनपद में तैनात योग प्रशिक्षकों की स्थिति और उनकी कार्यप्रणाली की जानकारी ली। इस दौरान जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी ने बताया कि जनपद में आयुष विभाग के अंतर्गत 13 आयुष्मान आरोग्य मंदिर स्वीकृत हैं, जिनमें से 11 संचालित हो रहे हैं।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी योग प्रशिक्षक नियमित रूप से योगाभ्यास कराएं और अधिक से अधिक लोगों को योग के प्रति जागरूक करें, ताकि लोग स्वस्थ जीवनशैली अपना सकें। उन्होंने कहा कि योग को जन-जन तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है।
बैठक में आगामी 21 जून को आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि योग दिवस के कार्यक्रम को भव्य और सफल बनाने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं। इस अवसर पर जिला होम्योपैथिक अधिकारी, आयुर्वेद विभाग के चिकित्सक, योग प्रशिक्षक सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।