फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नशे से बचेगी पीढ़ी, आंगन शराब मुक्त होगा

Thu, 04 Feb 2016 11:43 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो/सिद्धार्थनगर
विज्ञापन
विज्ञापन
शराब के धंधे से अब पीढ़ियां बर्बाद नहीं होंगी। हर आंगन को शराब मुक्त बनाने के लिए जिला पुलिस ने गुरुवार को ऑपरेशन ‘मुक्तांगन’ की शुरुआत की है। कच्ची शराब के गढ़ के रूप में बदनाम मिश्रौलिया थाने के कनकटी गांव से एसपी अजय कुमार साहनी ने इस ऑपरेशन का श्रीगणेश किया।
विज्ञापन


इस दौरान करीब एक लाख लीटर कच्ची शराब नष्ट की गई तो सैकड़ों लोगों को दारु बनाने, बेचने और सेवन से दूर रहने का संकल्प दिलाया।कच्ची दारु का धंधा समाज के लिए नासूर बन गया है। स्थानीय मदद के कारण पुलिस-प्रशासन के लिए भी इसे रोकना चुनौती बनी हुई है।

जिले के करीब तीन दर्जन गांव इस कारोबार के लिए बदनाम हैं। पुलिस का दावा है कि ‘मुक्तांगन’ के जरिए इन गांवों से इस धंधे का पूर्ण खात्मा किया जाएगा। कनकटी गांव में शुक्रवार को आरंभ हुई इस अनूठी मुहिम में बड़ी संख्या में शामिल होकर ग्रामीणों ने इसके संकेत भी दिए हैं।
विज्ञापन


इस मौके पर एसपी ने लोगों को शराब के दुष्परिणामों के बारे में बताया। स्वयं के अलावा परिवार के अन्य सदस्यों, नाते-रिश्तेदारों और परिचितों को भी शराब रूपी सामाजिक बुराई से दूर रखने को प्रेरित किया।

एसपी अजय कुमार साहनी ने कहा कि शराब सिर्फ पीने वाले पर असर नहीं डालता, बल्कि पूरे परिवार को बर्बाद कर देता है। स्वस्थ, संस्कारित समाज का निर्माण सबकी जिम्मेदारी है और यह तभी साकार होगा, जब हर कोई इस बुराई को दूर करने का संकल्प लें।

एसडीएम जुबेर बेग ने पुलिस की इस पहल को सराहते हुए कहा कि जिस सोच के साथ यह शुरुआत हुई है, उसे अंजाम तक पहुंचाने में सबका सहयोग जरूरी है। ग्रामीण ठान लें तो न सिर्फ बदनामी का दाग मिटाएंगे, अलबत्ता दूसरों के लिए मिसाल बनेंगे। सपा नेता तौलेश्वर निषाद ने पुलिस का मित्र बनकर सामाजिक बुराई को मिटाने में सहयोग का आह्वान किया।

इस मौके पर एएसपी मंशाराम गौतम, सीओ सदर अकमल खां, दीपनारायण त्रिपाठी, थानाध्यक्ष रवि राय, इटवा थानाध्यक्ष संजय पांडेय, उसका थानाध्यक्ष योगेंद्र यादव, ढेबरुआ के इंद्रजीत यादव, बांसी के शमशेर बहादुर सिंह, गोल्हौरा के सत्यप्रकाश यादव सहित सभी थानाध्यक्ष मौजूद रहे। इनके अलावा विनय मिश्रा, शांतेस्वेर नाथ त्रिपाठी, राकेश गुप्ता, गणेश पांडेय, मुंसरीफ, डब्लूू त्रिपाठी आदि भी उपस्थित थे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें