शोहरतगढ़ (सिद्धार्थनगर)। पैकीखास गांव में मंगलवार दोपहर जेवर दोगुना करने का झांसा देकर तीन युवक एक महिला से सोने के आभूषण ठगकर भागने लगे। ग्रामीणों ने पीछा कर दो आरोपियों को बाइक समेत पकड़ लिया, जबकि तीसरा फरार हो गया।
गांव निवासी सेठे चौधरी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि मंगलवार दोपहर उनकी बहू मनीषा घर में अकेली थी। इसी दौरान बाइक से तीन युवक पहुंचे और सोने के आभूषण दोगुना करने का झांसा दिया। उनकी बातों में आकर मनीषा ने एक जोड़ी झुमके, मंगलसूत्र, अंगूठी, नथिया और बिंदिया उन्हें दे दी। आभूषण लेकर तीनों भागने लगे। कुछ देर बाद ठगी का एहसास होने पर मनीषा ने शोर मचाया तो आसपास के ग्रामीण जुट गए।
ग्रामीणों ने आरोपियों का पीछा किया। चंदवा गांव के पास उनकी बाइक गिर गई, जिसके बाद लोगों ने दो आरोपियों को पकड़ लिया। तीसरा आरोपी मौके से फरार हो गया। ग्रामीणों ने पकड़े गए दोनों आरोपियों को बाइक समेत पुलिस के हवाले कर दिया।
थाना प्रभारी अतिउल्लाह अंसारी ने बताया कि सेठे चौधरी की तहरीर पर करन कुमार निवासी बनटिकुला, थाना चिलुआताल, गोरखपुर और सनी कुमार निवासी जंगल जैनुलआबदीन उर्फ सेमरा, थाना गुलरिहा, गोरखपुर समेत एक अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।