शाहपुर। डुमरियागंज थाना क्षेत्र के पेंडारी गांव में शनिवार सुबह राप्ती नदी में कपड़ा धोने गई संजनी गौतम (15) की डूबने से मौत हो गई। हादसे के दौरान उसे बचाने की कोशिश में तीन अन्य किशोरियां भी गहरे पानी में चली गईं लेकिन एक ग्रामीण की सूझबूझ और साहस से उनकी जान बच गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा है और मृतका के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, पेंडारी गांव निवासी अजय गौतम की पुत्री संजनी गौतम (15) शनिवार सुबह करीब 10 बजे अपनी चार सहेलियों के साथ गांव के समीप राप्ती नदी के तट पर कपड़े धोने गई थी। इस दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चली गई। संजनी को डूबता देख उसकी सहेलियां बचाने के लिए आगे बढ़ीं लेकिन तेज बहाव और गहराई के कारण तीन अन्य किशोरियां भी डूबने लगीं।
नदी के किनारे मौजूद एक युवती ने शोर मचाते हुए पास के खेत में गन्ने की फसल की सिंचाई कर रहे धर्मपाल यादव को हादसे की सूचना दी। सूचना मिलते ही धर्मपाल दौड़कर नदी तट पर पहुंचे और जान जोखिम में डालकर एक-एक कर तीन किशोरियों को बाहर निकाल लिया। हालांकि तब तक संजनी नदी की गहराई में समा चुकी थी।
हादसे की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। ग्रामीणों ने घंटों तक नदी में तलाश अभियान चलाया, जिसके बाद संजनी का शव मिला। शव को घर लाया गया तो परिवार में चीख-पुकार मच गई। गांव की महिलाएं और रिश्तेदार परिजनों को ढांढस बंधाने में जुटे रहे।
उधर, बचाई गई तीनों किशोरियों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिरसिया पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत खतरे से बाहर बताते हुए घर भेज दिया।
हादसे की सूचना मिलने पर नायब तहसीलदार राघवेंद्र पांडेय और डुमरियागंज पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए पंचनामा भरकर शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया। कोतवाल श्रीप्रकाश यादव ने बताया कि मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई पूरी कर ली गई है।