ब्लॉक प्रमुख चुनाव की रंजिश को लेकर लोटन ब्लॉक में सोमवार रात दो पक्षों में झड़प हो गई। लोटन चौराहे पर मामूली मारपीट हुई। विवाद बढ़ने पर कई थानों की फोर्स भी मौके पर पहुंच गई।
किसी तरह दोनों पक्षों को खदेड़ा गया। इस मामले में दोनों ओर से तहरीर दी गई है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। महदेइया गांव से निर्वाचित क्षेत्र पंचायत सदस्य के पति निरंजन चौरसिया सोमवार रात लोटन आए थे। रात करीब साढ़े आठ बजे कस्बा निवासी प्रदीप कुमार से उनका विवाद हो गया।
प्रदीप की मां विद्या देवी ब्लॉक प्रमुख चुनाव में लोटन की प्रत्याशी थीं। नोक-झोंक से शुरू हुआ विवाद हाथापाई और मारपीट तक पहुंच गया। इस बीच सूचना मिलने पर लोटन पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को वहां से हटाया। विवाद से दूसरे पक्ष के लोग भी गुस्सा गए।
मौके की नजाकत भांपते हुए आसपास के कई थानों की फोर्स कस्बे में तैनात कर दी गई। देर रात तक दोनों पक्षों में तनातनी बनी रही। एक पक्ष के निरंजन चौरसिया की तहरीर पर पुलिस ने प्रदीप कुमार सहित चार लोगों के खिलाफ मारपीट व हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर दिया है।
मंगलवार को दूसरे पक्ष ने भी तहरीर देकर मारपीट और दुर्व्यवहार का आरोप लगाया। लोटन कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक एसके सरोज ने बताया कि एक पक्ष से चार लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया है। दूसरे पक्ष की तहरीर की छानबीन जारी है। स्थिति नियंत्रण में है। ऐहतियात के तौर पर फोर्स तैनात की गई है।