पांच दुकानें निलंबित, छह से जवाब तलब
सिद्धार्थनगर। खाद की मिलावट और अधिक दर पर बिक्री करने के मामले को संज्ञान में लेते हुए जिले की पांचों तहसीलों में कृषि और राजस्व विभाग की गठित टीम ने सोमवार को खाद की दुकानों पर छापा मारा। अनियमिता में पांच दुकान का लाइसेंस निलंबित किया गया और छह को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
जिला कृषि अधिकारी सीपी सिंह ने बताया कि खाद और दवाओं में गड़बड़ी न हो, उसके मद्देनजर शासन के निर्देश पर तहसील स्तर पर राजस्व और कृषि विभाग की संयुक्त टीम तैयार करके छापा मारा गया। बांसी, नौगढ़, इटवा, डुमरियागज और शोहरतगढ़ में चले जांच अभियान में डीएपी में मिलावट की आशंका को देखते हुए आठ दुकानों से नमूना एकत्र करके जांच के लिए भेजा गया।
इसी प्रकार सूचना मिलने पर दुकान बंद करके भागने के मामले में पांच दुकानों के लाइसेंस निलंबित कर दिए गए। इसके साथ खाद के वितरण में खतौनी दर्ज नहीं करने और स्टाक बोर्ड और रजिस्टर सही नहीं मिलने पर छह दुकानदारों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। समय से जवाब नहीं मिलने पर दुकान का लाइसेंस निलंबित करने की चेतावनी दी गई। जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि जांच अभियान लगातार जारी रहेगा। गड़बड़ी करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।