मृत युवक समेत पांच की रिपोर्ट आई पॉजिटिव
बांसी और इटवा तहसील क्षेत्र के अलग-अलग गांव के हैं निवासी
रिपोर्ट आने के बाद बर्डपुर स्थित आइसोलेशन वार्ड में शिफ्ट किए गए संक्रमित मरीज
अमर उजाला ब्यूरो
सिद्धार्थनगर। जिले में सोमवार को पांच कोरोना संक्रमित पाए गए। संक्रमित मिले मरीजों में दो महिलाएं भी शामिल हैं। इसके अलावा आठ जून को मृत युवक की भी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। संक्रमित मरीज बांसी और इटवा तहसील क्षेत्र के अलग-अलग गांव के हैं। रिपोर्ट आने के बाद चारों को बर्डपुर स्थित आइसोलेशन वार्ड मेें शिफ्ट कर दिया गया है। जिले में अब तक 177 कोरोना संक्रमित मिले हैं। इसमें 124 लोग स्वस्थ्य होकर अपने घरों को जा चुके हैं। 45 एक्टिव केस हैं।
बांसी तहसील क्षेत्र के एक गांव निवासी एक 24 वर्षीय युवक और 20 वर्षीय महिला कोरोना संदिग्ध थे। उनके लार का सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा गया था। साथ ही उन्हें गांव के विद्यालय में क्वारंटीन कर किया गया था। इसके अलावा एक 65 वर्षीय महिला के लार का सैंपल जांच के लिए भेजा गया था, वह संदिग्ध थी, इसलिए गांव के विद्यालय में क्वारंटीन किया गया था। इसके अलावा इटवा तहसील क्षेत्र के एक गांव निवासी एक 60 वर्षीय व्यक्ति कुछ दिन पूर्व दिल्ली से लौटा था। संदिग्ध पाए जाने पर उसके लार का सैंपल जांच के लिए भेजा गया था। सोमवार सुबह गोरखपुर मेडिकल कॉलेज से आई रिपोर्ट में चारों कोरोना संक्रमित पाए गए। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उन्हें बर्डपुर स्थित आइसोलेशन वार्ड में शिफ्ट कर दिया है। सीएमओ डॉ. सीमा राय ने बताया कि चार कोरोना संक्रमित सोमवार को मिले थे। उन्हें आइसोलेशन वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया है।
कोराना संक्रमित पाया गया मृत युवक
जिला अस्पताल में इलाज अभाव में आठ जून को दम तोड़ने वाले 22 वर्षीय युवक की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। उसकी मौत के मामले में चिकित्सकों पर लापरवाही का आरोप लगा था। मौत के बाद उसके लार का सैंपल जांच के लिए भेजा गया था। रिपोर्ट में कोरोना संक्रमित पाया गया। इसके बाद उसके संपर्क में आए अन्य लोगों के लार का सैंपल जांच के लिए भेजा गया है। सीएमओ डॉ. सीमा राय ने बताया कि मृतक युवक की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। उसके संपर्क में आए अन्य लोगों के लार का सैंपल जांच के लिए भेजा गया है।