-डुमरियागंज थाना क्षेत्र के अमौना पांडेय गांव की खाई में मिले शव की पिता ने की थी पहचान
संवाद न्यूज एजेंसी
भनवापुर। त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की लड़की की मौत की खबर के बाद वह जीवित निकली, जिसे पुलिस ने परिजनों को सौंप दिया। उसके बाद अब वह फिर गायब हो गई। पिता ने त्रिलोकपुर पुलिस को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। मगर पुलिस ने पिता व आरोपी के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई कर मामले को रफादफा कर दिया है।
मामला 16 नवंबर 2024 का है। डुमरियागंज थाना क्षेत्र के अमौना पांडेय गांव के बाहर सड़क किनारे खाई में झाड़ियों में बोरे में एक अज्ञात करीब 18 वर्षीय युवती का शव मिला। पुलिस का पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद लावारिस में अंतिम संस्कार कराने के बाद शिनाख्त के लिए पड़ोस के जिलों में फोटो आदि भेजे। इसी बीच 23 नवंबर को त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के फूलपुर लाला गांव निवासी बुधिराम चौरसिया ने थाने पहुंचकर उसकी अपनी 18 वर्षीय बेटी सुमन चौरसिया के रूप में पहचान की।
फोटो व कपड़े के आधार पर अज्ञात शव की शिनाख्त के बाद बुधिराम चौरसिया ने गांव के एक युवक पर अपहरण व हत्या का आरोप लगाते हुए डुमरियागंज पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने सुमन के द्वारा चलाए जा रहे मोबाइल फोन व सिम पर जांच में जुट गई। पुलिस ने सुमन चौरसिया का मोबाइल नंबर सर्विलांस के जरिये ट्रेस कर आंबेडकरनगर से जीवित पकड़ कर डुमरियागंज थाने लाकर न्यायालय में बयान दर्ज कराने भेजा।
पुलिस ने न्यायालय में बयान दर्ज कराने के बाद सुमन चौरसिया को 31 दिसंबर 2024 को पिता बुधिराम चौरसिया को सौंप दिया।
-
शिकायत के बाद आरोपी व पिता के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई
त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के फूलपुर लाल गांव निवासी बुधिराम चौरसिया की 18 वर्षीय लड़की सुमन चौरसिया को डुमरियागंज पुलिस ने पिता को सौंप दिया। दो जनवरी को पिता ने पहले बनाए आरोपी के खिलाफ त्रिलोकपुर थाने पर शिकायती पत्र देकर छेड़खानी का आरोप लगाया। पुलिस ने पत्र मिलने के बाद आरोपी के साथ पिता व सुमन चौरसिया को थाने बुलाकर दोनों के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई करते हुए मामले को रफादफा कर दिया। बकौल बुधिराम तीन जनवरी की शाम से बेटी फिर से गायब है, जिसका सुराग नहीं मिल रहा है।
-
अभी डुमरियागंज पुलिस जुटी है लावारिस लाश की शिनाख्त में
डुमरियागंज थाना क्षेत्र के अमौना पांडेय गांव के सड़क के किनारे खाई में 16 नवंबर 2024 को बोरे में मिले अज्ञात लड़की के शव की शिनाख्त में पुलिस जुटी है। शिनाख्त के बाद जीवित निकली सुमन चौरसिया को पिता को सौंपने के बाद अब उस लावारिस लाश की पहचान पुलिस के लिए चुनौती बनी हुई है।
लावारिस लड़की के शव की पहचान के लिए पड़ोसी जिलों के डीसीआरबी कार्यालयों में फोटो व अन्य पहचान भेजी गई है, अगर कहीं कोई लड़की की मिसिंग की सूचना मिलती है, तो उसकी जानकारी मिल सके।
-श्याम सुंदर तिवारी, प्रभारी निरीक्षक, डुमरियागंज