कॉमन सर्विस सेंटर का शिलान्यास, भूमि पूजन
जिले में पहला होगा मुड़िला का कॉमन सर्विस सेंटर
सेंटर से आसान हो जाएंगी सरकारी सुविधाएं
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम अंतर्गत जिला मुख्यालय के ग्राम मुड़िला में स्वीकृत कॉमन सर्विस सेंटर का शिलान्यास एवं भूमि पूजन संपन्न हुआ। सेंटर की स्थापना होने से आम जनमानस को आय प्रमाण-पत्र, जाति प्रमाण पत्र, जन्म प्रमाण पत्र, मृत्यु प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, पैन कार्ड, रिचार्ज, बीमा, कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य, बैंक एवं मनोरंजन इत्यादि से संबंधित सुविधाएं मिलनी आसान हो जाएंगी।
समारोह में सांसद जगदंबिका पाल ने कहा कि कॉमन सर्विस सेंटर की लागत 1.40 लाख है। इसे शीघ्र ही पूर्ण कराकर जनोपयोगी बनाया जायेगा, जिससे आम जनमानस को ई-सूचना प्रणाली का शत-प्रतिशत लाभ मिल सके। सदर विधायक श्याम धनी राही ने कहा कि कॉमन सर्विस सेंटर की स्थापना जनपद में एक मील का पत्थर साबित होगी। आम जनमानस को इसका सीधा लाभ सस्ती दर पर मिलने लगेगा। नेशनल ई-गवर्नेंस प्लान के तहत सभी सरकार सेवा सस्ती दर पर मुहैया हो सकेगी। जिलाधिकारी दीपक मीणा ने बताया कि यह कॉमन सर्विस सेंटर जनपद का पहला सेंटर है। इससे पूर्व प्रभारी जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी एजाजुल हक खान ने सर्विस सेंटर के बारे में विस्तृत जानकारी दी और अतिथियों के प्रति आभार जताया। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद माधव, भाजपा नेता शिवनाथ चौधरी, राजेंद्र पांडेय, चंद्रभान पहलवान, अजय सिंह, डॉ. रामानंद वर्मा, हेमंत जायसवाल, कौशलेंद्र त्रिपाठी, विपिन सिंह, नितेश पांडेय, महेंद्र लोधी, रमेश पांडेय, राम तिलक वर्मा, जहीर खान, विनय शुक्ला आदि उपस्थित थे।