शोहरतगढ़ के खुनुवा बाईपास पर फायर स्टेशन के लिए भूमि अधिग्रहण।
शोहरतगढ़। स्थानीय कस्बे के खुनुवां बाईपास पर नीबी दोहनी व गड़ाकुल में फायर स्टेशन बनने लिए साढ़े तीन बीघा जमीन का सीमांकन कर तहसील प्रशासन ने 22 माह पहले विभाग को सौंप दी है। लेकिन अभी तक निर्माण कार्य शुरू नही हो सका है।
विभाग की ओर से शासन को रिपोर्ट भेजने के बाद भी काम कार्यदाई संस्था को आवंटित नहीं हो पा रहा है। अगर यह अस्तित्व में आता आग लगने की घटना में काफी सहूलियत मिलती। क्योंकि ठंड के सीजन में शार्ट-सर्किट से आग लगने के मामले में तेजी से बढ़ते हैं।
शोहरतगढ़ क्षेत्र के अंतर्गत हजारों गांव आते हैं। मार्च व अप्रैल महीने में आग लगने से हजारों गांव के किसानों के गेहूं की फसल जल कर राख हो जाते हैं और ठंडक महीने भी बहुत से दुकाने, मकानों सहित आदि जगहों पर शार्ट-सर्किट व अन्य कारणों से आग लग जाती है। जिससे बहुत क्षति होती है। शोहरतगढ़ फायर स्टेशन न होने से अग्निशमन की गाड़ी समय से नहीं पहुंच पाती है। जिससे फसल और घर तबाह हो जाते हैं।
आग लगने पर लोग फायर ब्रिगेड को सूचना देते हैं। लेकिन मुख्यालय से काफी दूर होने की वजह से अग्निशमन की गाड़ी पहुचने में एक से डेह घंटा तक लग जाता है, जबतक घटना स्थल पहुंचती है, तब तक आग की लपटें भयानक रूप ले लेती हैं।
क्षेत्र की जनता की मांग पर शोहरतगढ़ विधायक विनय वर्मा की मांग पर फायर स्टेशन बनने के लिए पूर्व एसडीएम उत्कर्ष श्रीवास्तव के निर्देश पर 6 फरवरी 2023 को राजस्व टीम ने गड़ाकुल व नीवी दोहनी की लगभग साढ़े तीन बीघा जमीन को चिह्नित कर फायर विभाग को जमीन सौंप दिया।
जमीन पर फायर विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों ने फायर स्टेशन का बोर्ड लगा है, लेकिन अभी तक उस जमीन पर निर्माण कार्य नहीं शुरू हो पाया है।