तेज हवा में आग से 60 घर जले, लाखों के नुकसान
- ग्रामीणों और फायर बिग्रेड ने घंटों मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू
- शिवनगर डिडई थाना क्षेत्र के सांडी खुर्द गांव के दो टोले में आग ने मचाई तबाही
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। जिले में रविवार को तेज हवा के बीच कई क्षेत्रों में धधकी आग ने लगभग 60 से अधिक घरों को अपनी चपेट में ले लिया। जिले में घोसियारी, खेसरहा, शोहरतगढ़ के परसा क्षेत्र, भारत नेपाल सीमा के ककरहवा, जोगिया के आधा दर्जन से अधिक गांवों में आग से नुकसान हुआ है।
घोसियारी प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र के सांडी खुर्द गांव के दलित बस्ती व बनौली टोले में रविवार दोपहर गांव के पश्चिम स्थित खेतों के डंठलों को जलाया गया था। तेज हवा की वजह से आग घरों को आगोश में ले लिया। पछुवां हवा के कारण जब तक लोग आग बुझाने की कोशिश करते कई घर आग की लपटों से घिर गए। गांव के लोगों ने सूचना फायर बिग्रेड की टीम को दी और खुद बुझाने में जुट गए। आग गांव दलित बस्ती में भी पहुंच गई। यहां अधिकांश घर फूस और टीनशेड के थे इसलिए और तेजी से जलने लगे। सूचना के आधा घंटे बाद पहुंची फायर बिग्रेड की टीम और लोगों ने एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। लेकिन तबतक लगभग 50 घर जल चुके थे। उसमें रखा अनाज, कपड़ा व गृहस्थी से संबंधित अन्य सामानों सहित तन पर पहनें वस्त्रों के अलावा कुछ भी नहीं बचा। घटना में गांव के मायाराम, संजय, पाटनदीन, शंकर विश्वकर्मा, भदई, दिलीप, आज्ञाराम, लालू, गुरु सिंह, रामकला, रामनिवास, हरीसिंह, कांति देवी, राजेंद्र तिवारी, बृजलाल, सोहन, पादू आदि लोगों का घर जल गया। सूचना पर तहसीलदार बांसी अरुण कुमार वर्मा, राजस्व निरीक्षक विजय कुमार यादव तथा स्थानीय लेखपाल शिवमंगल यादव गांव में घूम कर आग से हुई क्षति का जायजा लेकर रिपोर्ट तैयार करने में जुटे थे।
कोट
मैं खुद मौके पर था। राजस्व टीम लगी हैं। गांव में नुकसान की रिपोर्ट तैयार की जा रही है। आर्थिक नुकसान की रिपोर्ट तैयार करके मुआवजा दिया जाएगा।
- अरुण कुमार, तहसीलदार बांसी
-----
अज्ञात कारणों से लगी आग से जले घर
ककरहवा। मोहाना थाना क्षेत्र के बर्डपुर नंबर 4 के बरगदवा, माधोपुर गांव में अज्ञात कारणों से लगी आग ने कई घरों को अपना निशाना बनाया। आग इतना भीषण था कि कई घरों में रखे अनाज, कपड़ा, लकड़ी सहित पशुओं का चारा जलकर राख हो गए। पुलिस व स्थानीय ग्रामीणों के कड़ी मशक्कत के बाद किसी तरह आग पर काबू पाया गया। रविवार दोपहर बाद अचानक उठी आग की लपटों ने देखते ही देखते बरगदवा सहित माधोपुर गांव में जमकर तांडव मचाया। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि तिलकपुर गांव के पास किसी व्यक्ति ने अपने खेत में फसल के डंठल में आग लगाया था। तेज हवाओं के कारण आग गांव की तरफ बढ़ने लगी। आग की लपटों ने बरगदवा, सीतापुर व माधोपुर के कई घरो को अपनी लपट में समेट लिया। आग ने बरगदवा निवासी श्रीराम, पप्पू व माधोपुर निवासी विपत, घनश्याम, चनरजीत, भारत, भुवाल, परशुराम,पिंगल,नेवास व अन्य लोगों के घरों में लाखों का नुकसान पहुंचाया। मौके पर पहुंचे ककरहवा चौकी प्रभारी अजय कन्नौजिया मय हमराही व ग्रामीणों के अथक प्रयास से आग पर काबू पाया गया।
---
करैले की फसल में लगी आग
परसा। शोहरतगढ़ तहसील क्षेत्र के ग्राम पंचायत तालकुंडा में करैले की फसल में लगी आग से किसान के अरमान भी जल कर राख हो गए। तालकुंडा के केवटलिया टोला निवासी रामकुमार चौहान ने बताया कि वह सब्जी की खेती करके अपने परिवार का भरण-पोषण करते है। उसी से बच्चों की फीस भी जमा करता हूं, लेकिन शनिवार देर सायं केवटलिया के सीवान में किसी ने गेहूं के डंठल को जला दिया। पछुवां हवा के कारण आग ने हमारे खेत में लगी करैले की फसल को अपनी चपेट में ले लिया। रामकुमार ने बताया कि अबकी बार बेमौसम बारिश ने गेहूं की फसल में भी नुकसान करवा दिया था, उसमें तो लागत भी नहीं निकल पाया था।
-----------
बेटियों की शादी से पहले घरों में लगी आग
जोगिया। योगमाया मंदिर गांव में आग की चपेट में आने से बुद्घिराम का घर जल गया। बुद्घिराम ने बताया कि 12 मई को उनकी बेटी की शादी तय है। घर में ही बिटिया की विदाई के बेड व अन्य सामान रखा था। सभी सामान जलकर खाक हो गए। खेसरहा प्रतिनिधि के अनुसार बेलबनवा गांव में हरिश्चंद का घर जल गया। उन्होंने बताया कि 27 मई को उनकी बेटी की शादी है। इसी प्रकार छितौना गांव में भी एक घर जल गया।