आग से 50 बीघा गेहूं की फसल जलकर नष्ट
- खेसरहा थाना क्षेत्र के निखोरिया गांव के टोला मेहनौना में हुई घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
खेसरहा। थाना क्षेत्र के निखोरिया गांव के टोला मेहनौना में सोमवार को गेहूं की फसल में आग लग गई। ग्रामीण और दमकल की टीम ने घंटों के कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग से किसानों की 50 बीघा से अधिक फसल जलकर नष्ट हो गई।
क्षेत्र के निखोरिया गांव के टोला मेहनौना में सोमवार दोपहर के आसपास गांव के सीवान में धुआं उठता देख बोर्ड की परीक्षा देकर आ रहे गांव के लड़कों ने घटना की सूचना गांव वालों को दी। ग्रामीण जब तक कुछ समझ पाते तब तक आग ने विकराल रूप ले लिया। सूचना पर मौके पर पहुंचे डायल-112 व पुलिस के जवानों के साथ पहुंचे कुर्थिया चौकी प्रभारी दीपक कुमार ने ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास करने लगे। फायर ब्रिगेड और राजस्व विभाग को भी मामले से अवगत कराया। लगभग डेढ़ से दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। ग्रामीणों के अनुसार मेहनौना, बन्हैती सहित पड़ोसी गांव कोइलपाकर के किसान राजेश कन्नौजिया, खिस्सू, संजय श्रीवास्तव, दुधई, बैठोले, नकोले, साकिर, रामदेव, सफात, रामसूरत, राजकुमार, शंकर, रघुवंश पटेल, श्याम देव प्रह्लाद आदि किसानों का लगभग 50 बीघा गेहूं जल गई। इस संबंध में क्षेत्रीय लेखपाल सुरेश पाठक ने बताया कि सूचना मिली है। मौके पर पहुंचकर प्रभावित किसानों के क्षति का आंकलन कर रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को प्रेषित करेंगे।
पांच क्विंटल गेहूं जली
बिस्कोहर। त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के नगर पंचायत बिस्कोहर के मंगल बाजार के पास स्थित एक खेत सोमवार दोपहर दो बजे खेत में रखे गेहूं की फसल में आग लग गई। आग से करीब पांच क्विंटल फसल जलकर नष्ट हो गई। ग्रामीणों के घंटो कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
बिस्कोहर निवासी अंगूर ने बताया कि सोमवार भोर में फसल को काटकर सुखाने के लिए खेत में रखा था। दोपहर करीब दो बजे ग्रामीणों ने खेत में आग लगने की सूचना दी। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया गया। लेकिन तब तक करीब पांच क्विंटल गेहूं जलकर नष्ट हो गई। आग बुझाते समय भाई भदई का पैर जल गया। संवाद