लोटन। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम महदेइया टोला बगहीडीह में शनिवार शाम शॉर्ट सर्किट से लगी आग से एक विधवा महिला के फूस का मकान जल गया। इस हादसे में उसमें रखा सारा सामान जलकर नष्ट हो गया। आग लगने की वजह बिजली के तार के ज्वाइंट से निकली चिंगारी बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, विधवा मुघनी पत्नी मत्तन गर्मी के कारण अपने घर के बाहर बैठी थीं। शाम करीब छह बजे बिजली आपूर्ति बहाल हुई, तभी तार के ज्वाइंट से चिंगारी निकली और फूस के छप्पर में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। मुघनी के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन भीषण गर्मी और तेज लपटों के कारण आग पर काबू पाना मुश्किल हो गया। ग्रामीणों के प्रयास के बावजूद आग तेजी से फैलती गई और पूरा घर चपेट में आ गया।
इस अग्निकांड में घर में रखा अनाज, कपड़े, बर्तन और अन्य घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया। पीड़ित परिवार के अनुसार करीब डेढ़ लाख रुपये का नुकसान हुआ है। घटना के बाद परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की है ताकि उन्हें इस संकट की घड़ी में राहत मिल सके।