-डुमरियागंज थाना क्षेत्र के भरवठिया मुस्तहकम गांव में जहरीला पदार्थ खाने से हुई थी महिला की मौत
संवाद न्यूज एजेंसी
भनवापुर। डुमरियागंज थाना क्षेत्र में एक महिला की रविवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। जहरीला पदार्थ के खाने से मौत होने की बात बताई जा रही थी।
इस मामले में उसके पिता सोनहा थाना क्षेत्र के जहलीपुर गांव निवासी शंभू ने डुमरियागंज थाने में तहरीर देते हुए आरोप लगाया कि उसकी बेटी रीता की शादी गुलशन के साथ हुई थी। दो-तीन वर्ष से गुलशन दहेज को लेकर बेटी को मारता-पीटता था और जान से मारने की धमकी भी देता था।
रविवार को गुलशन ने फोन करके बताया कि रीता का तबीयत खराब है, उसे गोरखपुर ले जा रहे हैं। जब हम वहां पहुंचे तो पता चला कि बेटी ने जहर खाया है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि मुझे यकीन है कि गुलशन ने बेटी को जहर खिलाया है। पिता ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
प्रभारी निरीक्षक श्रीप्रकाश यादव ने बताया कि पीएम रिपोर्ट आ जाए, उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।