बांसी। भाकियू (जनकल्याण) के बांसी तहसील अध्यक्ष दीपक पासवान की अध्यक्षता में बुधवार को तहसील परिसर में किसान पंचायत का आयोजन किया गया। पंचायत के बाद किसानों ने अपनी विभिन्न समस्याओं के समाधान को लेकर एसडीएम के नाम संबोधित ज्ञापन नायब तहसीलदार चंद्रप्रकाश श्रीवास्तव को सौंपा।
किसान पंचायत को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष कपिल देव राय और प्रदेश प्रभारी यार मोहम्मद ने तहसील व क्षेत्र के किसानों से जुड़ी कई प्रमुख समस्याओं को सामने रखा। सौंपे गए ज्ञापन में मांग की गई कि खतौनी तय दर 15 रुपये में उपलब्ध कराई जाए, जन्म प्रमाण पत्र बनाने की प्रक्रिया सरल की जाए, नामांतरण में कथित धन उगाही पर रोक लगे तथा असंक्रमणीय भूमि को निर्धारित समय में संक्रमणीय किया जाए। इसके अलावा खतौनी में अंश निर्धारण, कोटे से मिलने वाले खाद्यान्न में घटतौली और प्रति यूनिट एक किलोग्राम कटौती पर अंकुश लगाने की भी मांग की गई।
किसानों ने प्रतापपुर से बगहवा ताल की भूमि व नाले पर अवैध कब्जा हटाकर नाला साफ कराने तथा तप्पा कोंडरी के ग्राम निहलवा में चक नाली व चक मार्ग को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग भी उठाई।
नायब तहसीलदार चंद्रप्रकाश श्रीवास्तव ने ज्ञापन प्राप्त कर समस्याओं के शीघ्र निस्तारण का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारियों को निर्देशित कर आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी। किसान यूनियन ने प्रशासन से सकारात्मक पहल की उम्मीद जताई है।