भागलपुर। ब्लाॅक क्षेत्र में किसानों के सुविधा के अनुसार गेहूं क्रय केंद्र नहीं बनाए जाने से किसानों में आक्रोश व्याप्त है। ब्लॉक में केवल एक साधन सहकारी समिति अंडीला के अकूबा ग्राम पंचायत को बनाया गया है क्रय केंद्र। ब्लाॅक मुख्यालय से अकूबा की दूरी 15 किमी है। जबकि शासन का निर्देश है कि 7 किमी से अधिक दूरी पर क्रय केंद्र नहीं होने चाहिए। लंबी दूरी के कारण किसानों को अपना गेहूं बेचने में काफी दिक्कत होगी।
गेहूं की फसल पककर लगभग तैयार है। पास में क्रय केंद्र नहीं होने और दूरी के कारण किसान अपना गेहूं औने-पौने दाम पर बिचौलियों को बेचने पर मजबूर हो जाएंगे। किसान राकेश सिंह, कोमल यादव, मनोज सिंह, मुन्ना सिंह, संपूर्णा नंद पांडेय, बबलू तिवारी आदि ने जिलाधिकारी से किसानों के हित में अधिक से अधिक क्रय केंद्र खोलने की मांग की है।
डिप्टी आरएमओ सुलभ आनंद ने बताया कि पिछले सालों में बने क्रय केंद्रों को देखते हुए क्रय केंद्र बनाया गया है। किसानों की सुविधा के अनुसार और क्रय केंद्र बनाए जाएंगे।