बेटी की खुदकुशी से सदमे में परिवार के लोग
हाईस्कूल में फेल पर मौत को लगा लिया था गले
गोल्हौरा थाना क्षेत्र के सोनफेरवा गांव की घटना
गोल्हौरा(सिद्धार्थनगर)। थानाक्षेत्र के सोनफेरवा खुर्द निवासी 17 वर्षीय ममता ने हाईस्कूल की परीक्षा में फेल होने के बाद शनिवार रात को फंदे से लटककर खुदकुशी कर ली थी। बेटी के इस कदम से परिवार के लोग सदमे में हैं। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को परिवार को सौंप दिया है। रविवार को उसके शव का अंमित संस्कार भी कर दिया गया।
ममता के पिता संदीप कुमार पूर्व माध्यमिक विद्यालय श्रीबेलवा में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी हैं। ममता के अलावा दो बेटे विकास (13) और सुधीर (7) हैं। परिजनों के मुताबिक ममता पढ़ने में सही थी। वह बुआ के साथ विद्यालय जाती थी। बुआ उत्तीर्ण हो गई हैं। शनिवार को आए परिणाम में ममता अनुत्तीर्ण हो गई थी। परिणाम आते ही वह अवसाद में आ गई। इसके बाद फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली।