किशोरों के टीकाकरण की समय सीमा बढ़ाएं : ध्रुव कुमार
उसका बाजार। प्रदेश के स्कूलों में 15 से 18 वर्ष के किशोरों को कोरोना महामारी से बचाव के लिए 10 जनवरी तक विद्यालयों में स्वास्थ्य टीम की ओर से कैंप लगाकर टीकाकरण करने के निर्देश प्रशासन ने जारी किए थे। वह समय सीमा सोमवार की समाप्त हो रही है, जबकि अब तक लगभग 50 फीसदी किशोरों का ही टीकाकरण हुआ है। प्रशासन टीकाकरण की समय सीमा बढ़ाकर स्कूलों में शत प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करे।
ये बातें विधान परिषद में शिक्षक दल के मुख्य सचेतक व शिक्षक विधायक ध्रुव कुमार त्रिपाठी ने कहीं। वह पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी से बचने के लिए कोविड सावधानी व टीकाकरण ही हथियार है।
उन्होंने कहा कि स्कूलों में कोविड टीकाकरण अभियान चला है, लेकिन उसमें अवकाश और ठंड के कारण अधिकांश बच्चे अभी भी टीकाकरण से वंचित रह गए हैं। करीब 50 प्रतिशत बच्चों का ही टीकाकरण हुआ है। प्रशासन एक-एक बच्चों का टीकाकरण सुनिश्चित करे, जिससे बच्चे सुरक्षित रहें।