सिद्धार्थनगर। डाॅ. राजा गणपति आर की अध्यक्षता में मंगलवार को कलक्ट्रेट सभागार में मुख्यमंत्री डैश बोर्ड (विकास कार्यों) की समीक्षा हुई, जिसमें डीएम ने बार्डर पर बन रहे गेट के निर्माण कार्य की प्रगति धीमी पाए जाने तथा सड़कों के गड्ढा मुक्त कराये जाने की प्रगति कम पाये जाने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग का स्पष्टीकरण प्राप्त करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने बेसिक शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान एमडीएम की फीडिंग कम पाई गई, जिस पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करने साथ ही एमडीएम की फीडिंग का प्रतिशत बढ़ाने के लिए बीएसए देवेंद्र कुमार पांडेय को निर्देश दिया। उन्होंने जिला पंचायत राज अधिकारी पवन कुमार को निर्देश दिया कि जो भी पंचायत भवन का निर्माण हो रहा है, उसे मानक अनुसार गुणवत्तापूर्ण एवं समय से पूर्ण कराए। जिन ग्रामों में पंचायत भवन निर्माण के लिए धनराशि प्रेषित की गई है, उन ग्रामों में पंचायत भवन का निर्माण कराना सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि इसके साथ ही टाइल्स, फर्नीचर व अन्य सभी कार्य कराना सुनिश्चित करें। विद्युत विभाग की समीक्षा के दौरान निर्देश दिया कि शासन द्वारा निर्धारित समयांतर्गत ट्रांसफार्मर बदलवाना सुनिश्चित करें। कोई भी ट्रांसफार्मर खुले में न रहे। शेड्यूल अनुसार विद्युत आपूर्ति कराने का निर्देश दिया।
बैठक में सीडीओ जयेंद्र कुमार, अधीक्षण अभियन्ता विद्युत अजय कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक सोमारू प्रधान, उपकृषि निदेशक अरविंद कुमार विश्वकर्मा, जिला पर्यटन सूचना अधिकारी प्रिया सिंह, जिला उद्यान अधिकारी नन्हे लाल वर्मा, डीएसटीओ बीएस यादव आदि अधिकारी उपस्थित रहे। संवाद