डीआईओएस ने किया विद्यालयों का निरीक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। शिक्षा व्यवस्था की हकीकत जानने के लिए बुधवार को डीआईओएस ने विद्यालयों का निरीक्षण किया। उन्होंने श्री नेवास अली किसान उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। उस समय प्रार्थना सभा में शामिल हुए। बाद में बच्चों को नैतिक शिक्षा के साथ ही विभागीय योजनाओं और कार्यक्रमों को साझा किया। निरीक्षण के समय दो अध्यापक अब्दुल हई, मुराद अली क्रमश: 7.46 बजे, 7.40 बजे पहुंचे। डीआईओएस ने नाराजगी व्यक्त करते हुए भविष्य में समय से पहुंचने का निर्देश दिया। इस स्कूल में नामांकित 534 के सापेक्ष मात्र 90 ही उपस्थित थे। विद्यालय में बना रहे एमडीएम को भी चेक किया। चप्पल पहनकर खाना बना रही महिला को फटकार लगाई। साफ सुथरा खाना बनाने का निर्देश दिया। रामवृक्ष राजाराम कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कठमोरवा के निरीक्षण में बाउंड्रीवाल टूटी मिली, जिसे ठीक कराने का निर्देश दिया। नामांकित 348 के सापेक्ष 60 बच्चे उपस्थित मिले। अवध नारायण प्रताप लाल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय घोसियारी के निरीक्षण में नामांकन 310 के सापेक्ष कम बच्चे मिले। राम रक्षा चौधरी अर्जुन कुमार करहवा के निरीक्षण में जिविनि को नामांकित 1900 के सापेक्ष सौ बच्चे भी नहीं दिखे।
सरदार पटेल राजमती इंटर कॉलेज रमवापुर के निरीक्षण में नामांकित 2000 के सापेक्ष लगभग 400 ही बच्चे उपस्थित थे। डीआईओएस ने बताया कि बच्चों की कम उपस्थिति पर प्रधानाचार्यों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। भविष्य में बच्चों की शत-प्रतिशत उपस्थिति के साथ ही संख्या बढ़ाने का निर्देश दिया गया है।