-मेन गेट से चहारदीवारी तक दुकानदारों ने जमाया कब्जा
संवाद न्यूज एजेंसी
डुमरियागंज। डुमरियागंज में राजकीय पौधशाला एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग का भवन अतिक्रमण की चपेट में है। मेन गेट से लेकर चहारदीवारी के आसपास दुकानदारों ने मनमाने तरीके से कब्जा जमा रखा है। लोगों ने अतिक्रमण हटाए जाने की मांग की है।
फल व फूल के पौधे उपलब्ध करवाने के लिए राजकीय पौधशाला एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग की ओर नर्सरी की स्थापना की गई थी। लोगों को गुलाब, गुड़हल, चमेली व अन्य फूलों के साथ ही कई तरह के फलों के पौधे मिल रहे थे। मौजूदा समय में नर्सरी गेट के दोनों तरफ अवैध तरीके से अतिक्रमण कर दुकान खोल रखा है। साल भर पहले प्रशासन ने अभियान चलाकर अतिक्रमण हटवाया था, लेकिन कुछ दिन बाद फिर लोगों ने कब्जा जमा लिया।
क्षेत्र के राजीव कुमार, पंकज दुबे, सोनू गुप्ता, लल्लू, सन्नी, ताराचंद आदि ने नर्सरी के गेट और चहारदीवारी पर किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाए जाने की मांग की है। इस संबंध में एसडीएम डॉ. संजीव कुमार दीक्षित ने बताया कि चुनाव में व्यस्तता के चलते इस ओर ध्यान नहीं दिया जा सका। शीघ्र ही अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाया जाएगा और ऐसा करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।