परिषदीय स्कूलों पर नौ करोड़ रुपये का बिजली बिल बकाया
सिद्धार्थनगर। जिले में कई परिषदीय विद्यालयों पर नौ करोड़ रुपये से अधिक का बिजली बिल का बकाया है। बिजली निगम ने 22 सौ से अधिक प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक विद्यालयों को भुगतान के लिए नोटिस दिया है। बकाया न जमा करने पर कनेक्शन काटने की चेतावनी भी दी है।
परिषदीय विद्यालयों में बिजली की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए कनेक्शन लगवाए गए थे। उसके बाद विद्यालयों के मद में बिजली बिल जमा करने संबंधी बजट उपलब्ध न होने से बकाया रकम जमा नहीं हो सकी। इसका नतीजा रहा कि विद्यालयों पर बिजली बकाया बढ़ता गया। वर्ष 2018 से बेसिक शिक्षा विभाग के बजाए ग्राम पंचायतों (पंचायती राज विभाग) को विद्यालयों के बकाया बिजली बिल जमा करने की जिम्मेदारी दे दी गई, जबकि इसके पहले भी विद्यालयों पर तीन करोड़ से अधिक बिजली बिल की धनराशि बाकी है।
इधर वर्ष 2018 के बाद भी ग्राम पंचायतों ने विद्यालयों का बकाया जमा नहीं किया। इससे बिजली निगम ने नोटिस देते हुए कई विद्यालयों का कनेक्शन काट दिया। कुछ विद्यालयों में भुगतान का आश्वासन मिलने के बाद कनेक्शन जोड़ दिया गया। अधिशासी अभियंता बिजली आरके कुशवाहा का कहना है कि बकाया जमा करने संबंधी नोटिस दिया गया है। इनमें कुछ विद्यालयों के बकाया धनराशि जमा भी की गई है। जहां बकाया राशि जमा नहीं होगी, वहां कनेक्शन काट दिया जाएगा।