डुमरियागंज। भवानीगंज क्षेत्र में बदहाल विद्युत व्यवस्था व लो-वोल्टेज की समस्या से आजिज उपभोक्ताओं का गुस्सा सोमवार को फूट पड़ा। लोग विद्युत सब स्टेशन खानतारा पर पहुंचकर वहां तालाबंदी कर दिए।
इसके बाद लोगों ने दोपहर 12 से 6 बजे शाम व रात में 8 बजे से भोर 4 बजे तक शेड्यूल जारी करने की मांग की।सोमवार की दोपहर करीब 1 बजे सैकड़ों उपभोक्ता विद्युत विभाग व प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए खानतारा विद्युत सब स्टेशन पहुंचे।
वहां किसी भी कर्मचारी को न देख ताला बंद कर दिया। प्रदर्शन कर रहे राकेश दुबे, विनोद चौहान, इरफान सिद्दीकी, अब्दुल बारी आदि ने कहा कि खानतारा सब स्टेशन पर कभी शेड्यूल के मुताबिक आपूर्ति नहीं होती है। 24 घंटे में महज 6 घंटा बिजली मिलना भी दूभर होता है।
अगर बिजली मिलती भी है तो वह लो वोल्टेज के चलते न के बराबर रहता है। सुगंध अग्रहरि, गामा, चैतू, जुग्गीलाल, मुस्कीम, मदन दूबे, आजाद, मूलचंद, पप्पू श्रीवास्तव, रामपाल आदि ने कहा कि रमजान माह में बेहतर शेड्यूल जारी किया जाए।
लोगों ने दोपहर 12 से 6 बजे शाम व रात में 8 बजे से भोर 4 बजे तक शेड्यूल जारी करने की मांग की। इस संबंध में एसडीएओ आदित्य भूषण भारती ने बताया कि विद्युत उपभोक्ताओं की समस्या से अवगत हैं। खानतारा में एक फीडर होने के चलते अभी तक यह समस्या बनी हुई थी।
नई लाइन बिछाकर नया फीडर बना दिया गया है। दो दिन बाद उसे चालू करने के बाद विद्युत व्यवस्था में सुधार हो जाएगा। रही बात शेड्यूल की तो जो भी जारी होता है उसी के मुताबिक आपूर्ति की जाती है। लोकल फाल्ट होने पर ही आपूर्ति बाधित होती है।