दो डॉक्टरों सहित आठ की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव
सिद्धार्थनगर। कोरोना संक्रमण के लगातार केस आने के कारण सरकारी अस्पतालों में ऑफलाइन के साथ ऑनलाइन परामर्श की सुविधा शुरू करने की आवश्यकता पर जोर दिया जा रहा है, ताकि सामान्य मरीज भीड़ में जाने की बजाए घर बैठे ही डॉक्टर की सलाह के अनुसार दवा खरीद सकें। सोमवार को जिला अस्पताल में दो डॉक्टरों सहित आठ लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। इसके बाद डॉक्टरों ने सतर्कता और बढ़ा दी है।
संयुक्त जिला चिकित्सालय में सोमवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में 899 मरीजों का पंजीयन हुआ था, जिसमें लक्षण के आधार पर 158 मरीजों की जांच की गई। उनमें मेडिकल कॉलेज की दो महिला डॉक्टरों सहित आठ लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। इनमें दो पुरुष और चार महिलाएं हैं। इस रिपोर्ट की सूचना फैलते ही डॉक्टर-स्वास्थ्य कर्मियों ने सतर्कता बढ़ा दी।
उल्लेखनीय है कि जिला अस्पताल में सर्दी, जुकाम, बुखार के पीड़ितों को डॉक्टर दूर से परामर्श दे रहे हैं, ताकि वे सुरक्षित रहें। डॉक्टर और स्वास्थ्य कर्मी खुद मास्क और सैनिटाइजर का इस्तेमाल कर रहे हैं और दूसरे लोगों को भी सतर्क रहने की सलाह दे रहे हैं। जिला अस्पताल में मास्क अनिवार्य किया गया है। इसके बावजूद डॉक्टरों की ओर से ऑनलाइन परामर्श शुरू करने की सलाह दी जा रही है। कोरोना संक्रमण के पहली व दूसरी लहर में हेल्पलाइन नंबर के माध्यम डॉक्टर मरीजों को ऑनलाइन सलाह दे रहे थे।
डॉक्टरों की चिंता है कि किसी प्रकार ओपीडी की भीड़ कम की जाए। जिला अस्पताल की सीएमएस डॉ. नीना वर्मा ने कहा कि ऑनलाइन परामर्श की सुविधा शुरू करने की आवश्यकता महसूस हो रही है। ओपीडी की भीड़ को कम करना मरीज और डॉक्टर, दोनों को हित में है। सीएमओ डॉ. एके चौधरी ने बताया कि जल्द ही सरकारी अस्पतालों में ऑनलाइन परामर्श के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किया जाएगा।
जिले में कोरोना के एक्टिव केस हुए 58
स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी रिपोर्ट के अनुसार, जिले में सोमवार को छह लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। जिले में कोरोना के एक्टिव केस की संख्या बढ़कर 58 हो गई है। शाम चार बजे तक की रिपोर्ट पोर्टल पर अपडेट हुई है। देर शाम जिनकी रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आती है, उसे अगले दिन पोर्टल पर अपडेट किया जाता है। यहीं कारण है कि कोरोना पॉजिटिव लोगों की संख्या सिर्फ छह दर्शायी गई है। जोगिया के तीन, उसका का एक और दो अन्य लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। दो लोगों की जांच दूसरे जिलों में हुई। हालांकि वे जिले के ही रहने वाले हैं। इस लिए उनकी संख्या जिले में जोड़ी गई है।
कोरोना पॉजिटिव महिला के प्रसव की चुनौती
संयुक्त जिला अस्पताल में सोमवार को कोरोना पॉजिटिव महिला पहुंची, जिसको प्रसव के लिए भर्ती करने की स्थिति सामने आई। कोरोना मरीजों के लिए आरक्षित एमसीएच में पोलियो करेक्टिव सर्जरी वाले बच्चों के फॉलोअप होने के कारण उसे प्राइवेट वार्ड में भर्ती करने का निर्णय किया गया। बाद में प्रसव का दर्द शुरू नहीं होने के कारण उसे घर भेज दिया गया। सीएमएस डॉ. नीना वर्मा ने बताया कि प्रसव के लिए आई महिला की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव है। उस मरीज का उपचार करने वाले डॉक्टर व स्वास्थ्य कर्मी पीपीई किट में थे। पूरी सतर्कता बरतते हुए जच्चा-बच्चा की सुरक्षा की जाएगी।