मुख्य सड़क पर उड़ रही धूल, सांस लेने में हो रही मुश्किल
सिद्धार्थनगर। हायडिल तिराहे से जैसे ही शहर में प्रवेश करेंगे तो टूटी सड़क पर गिट्टियां डालकर छोड़ दी गई हैं। वाहनों के गुजरने पर उड़ रही धूल से राहगीरों को सांस लेने में परेशानी हो रही है। सड़क पर पैदल अथवा बाइक से गुजर रहे लोग धूल से बचते हुए आगे बढ़ने के लिए मजबूर होते हैं। इसके चलते दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
शहर के हायडिल तिराहे से सिद्धार्थ तिराहा होते हुए पेट्रोल पंप तिराहे तक जाने वाली मुख्य सड़क क्षतिग्रस्त हो चुकी है। चार माह पूर्व दो किमी लंबी इस सड़क का दो करोड़ रुपये की लागत से चौड़ीकरण एवं उच्चीकरण कार्य शुरू हुआ था, जो दो माह पहले अतिक्रमण हटाने के विवाद के कारण बंद हो गया था। इसके निस्तारण के बाद कार्य शुरू हुआ जो अब फिर से बंद है। इस सड़क से प्रतिदिन गुजरने वाले बाइक सवार हरिश्चंद्र का कहना है कि सड़क पर बिखरीं गिट्टियों के बीच बाइक फिसलने से खुद को बचाने के लिए जद्दोजहद करनी पड़ती है। सड़क के किनारे दुकानदार हीरालाल का कहना है कि निर्माणाधीन सड़क से उड़ रही धूल से दुकान पट जाती है। इससे दुकान पर ग्राहक भी नहीं रुकते और उनको भी सांस लेने में दिक्कत होती है। बाइक सवार त्रिवेनी प्रसाद का कहना है कि बिखरीं गिट्टियां और उड़ रही धूल के कारण दुर्घटना के साथ ही सांस की बीमारी हो रही है। कभी-कभी तो बाइक चलाते समय आंख में धूल पड़ने से गिरने अथवा दूसरे वाहन से टकराने का डर रहता है। डीएम दीपक मीणा का कहना है कि इस सड़क का निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने का निर्देश नगर पालिका को दिया गया है। निर्माण कार्य में लापरवाही पर संबंधित के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
नवीन मंडी मार्ग बदहाल
शहर की दूसरी प्रमुख सड़क में शामिल नवीन मंडी मार्ग बदहाल है। इस मार्ग पर वन विभाग कार्यालय के गेट के पास सड़क से सरिया बाहर निकल गया है, जिससे पैदल राहगीरों को चोट लगने का खतरा रहता है। साइकिल और बाइक सवाराें को भी दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। स्थानीय निवासी राकेश का कहना है कि हादसे को दावत रही इस सड़क पर किसी जिम्मेदार की निगाह नहीं पड़ रही है। उन्होंने इसकी तत्काल मरम्म्त कराने की मांग की है।