भारतभारी। संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान के तहत मंगलवार को क्षेत्र में आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने गांव-गांव पहुंचकर लोगों को जागरूक किया।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेंवा की ओर से कठौतिया आलम गांव में आशा कार्यकर्ता विमला श्रीवास्तव और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता आमीना ने पूरे गांव में ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव कराया और सफाई का संदेश दिया। इस दौरान ग्रामीणों को मच्छर जनित रोगों से बचाव और दिमागी बुखार (एईएस/जेई) से सुरक्षित रहने के उपाय बताए गए। कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर लोगों को पानी जमा न होने देने, सफाई बनाए रखने और बच्चों की विशेष देखभाल करने की सलाह दी।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. विकास चौधरी ने बताया कि अभियान को सफल बनाने के लिए सभी आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को पहले ही प्रशिक्षित किया जा चुका है। साथ ही उनके कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग भी की जा रही है। उन्होंने कहा कि जिन कार्यकर्ताओं का कार्य उत्कृष्ट पाया जाएगा, उन्हें सम्मानित भी किया जाएगा, ताकि अन्य लोगों को भी प्रेरणा मिल सके।