अतिक्रमण से सिकुड़ी नगर की सड़कों को मुक्ति दिलाने के लिए शनिवार को नगर पंचायत व तहसील प्रशासन ने संयुक्त रूप से अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। पुलिस बल की मौजूदगी में चले अभियान के दौरान डुमरियागंज थाने से रोडवेज व मंदिर चौराहा होते हुए बेदौला चौराहे तक अतिक्रमण हटवाया गया।
बार-बार अतिक्रमण की शिकायत और डीआईजी के निर्देश पर पुलिस ने अतिक्रमण हटाओ अभियान को बलपूर्वक हटवाया। इस दौरान अतिक्रमणकारियों में खलबली मची रही। लोग स्वयं अतिक्रमण हटाने लगे। जो चूके उन पर बुलडोजर ने ताकत आजमाया।
साथ ही अतिक्रमण के सामान को नगर पंचायत की गाड़ी में लादकर उसे जब्त कर लिया। सबसे पहले पुलिस ने जेसीबी से गौरीशंकर के लोहे की टंकी को तुड़वाया। इसके बाद पुलिस व नगर पंचायत कर्मियों का काफिला रोडवेज की तरफ बढ़ गया। जहां पर जलनिकासी के लिए बने नाले पर किए गए अतिक्रमण को तोड़ा गया।
इस दौरान वार्ड नंबर पांच की सभासद कुसुम देवी की दुकान के ऊपर लगा टिनशेड भी खुलवाकर हटवा दिया। पुलिस के इस आक्रामक रवैये को देख अतिक्रमणकारी खुद ही अतिक्रमण हटाने लगे। इस दौरान जो भी थोड़ा सा चूका तो पुलिस व नगर के कर्मी अतिक्रमण हटाने के साथ ही उसे ट्रैक्टर-ट्रॉली पर लादकर नगर पंचायत में लाकर जब्त कर लिया।
इस दौरान तहसीलदार मेवालाल ने कहा कि अतिक्रमण हटाने की रणनीति पहले से ही बनाई जा रही थी, लेकिन कभी पुलिस का अभाव तो कभी नगर पंचायत के पास कर्मियों की कमी उसे अमल में लाने में बाधित हो रही थी।
एसओ गोपालजी यादव ने बताया कि डीआईजी के निर्देश पर अतिक्रमण हटाया जा रहा है। पूर्व में कई बार अतिक्रमण और उससे लगने वाले जाम की शिकायत लोगों ने की थी। इसे संज्ञान में लेते हुए अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान हटाए गए अतिक्रमण के स्थान पर अगर किसी अतिक्रमणकारी ने दोबारा अतिक्रमण किया तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।
इस दौरान नायब तहसीलदार शिरीष त्रिपाठी, एसएसआई मनोज त्रिपाठी, हसन ताकीब रिजवी, महंत मिश्रा, अवधेश सिंह, सोनी भास्कर, ओमप्रकाश यादव, लखीचंद गुप्ता, जितेंद्र श्रीवास्तव उर्फ जीतू, वंशीधर उर्फ बोधे अग्रहरि आदि मौजूद रहे।