तहसील सभागार कक्ष में गुरुवार को शोहरतगढ़, नौगढ़, बर्डपुर, जोगिया चार ब्लॉकों के बीएलओ को प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण में एसडीएम सुरेंद्रनाथ मिश्र ने प्रशिक्षकों को निर्वाचन आयोग के नियमों की जानकारी देते हुए बूथों का ब्योरा तैयार करने और मतदाता सूची पुनरीक्षण के निर्देश दिए।
एसडीएम ने घर-घर जाकर सूची का सत्यापन करने को कहा। तहसीलदार मंजूर अहमद ने कहा कि विधानसभा निर्वाचन निमावली के पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने में बीएलओ नियमानुसार कार्य को समय से पूरा कराएं।
उन्होंने बूथ लेवल अफसरों को बताया कि नाम काटने, जोड़ने व संशोधन के लिए फार्म छह, सात व आठ भरकर तहसील में जमा कराएं। क्षेत्रवार बीएलओ घर-घर जाकर मतदाता सूची का सत्यापन करें। मतदाता सूची में मृतक मतदाताओं के बारे में परिजनों को नोटिस देकर उनका नाम मतदाता सूची से हटवाएं।
लड़की की शादी होने के बाद उसका नाम काटने के लिए कार्रवाई करें। बॉर्डर क्षेत्र से सटे इलाकों में बीएलओ गहनता से जांच पड़ताल कर मतदाता सूची में नाम बढ़ाने का काम करें और नेपाल में निवास करने वाले लोगों का मतदाता सूची से नाम काटकर बाहर निकालें।
इसमें लापरवाही व गड़बड़ी की शिकायत पर बीएलओ जिम्मेदार होंगे। इसलिए सभी बीएलओ सजगता से काम करें। जिससे कि विधानसभा चुनाव को सकुशल संपन्न कराए। इस दौरान रजिस्टार कानूनगो अशोक कुमार, सीपी सिंह, सरोज, विजय कुमार, कृष्ण कुमार चौधरी, सूर्यनरायन मिश्र, दिनेश कुमार, अनीता गुप्ता, रामधारी, विनोदपाल, मीना देवी, असुर्रहमान, माधुरी मिश्रा और मीनू गुप्ता आदि मौजूद रहे।