सिद्धार्थनगर। विधान सभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत बुधवार को डीएम डॉ. राजा गणपति आर. उसका बाजार विकास क्षेत्र के पूर्व माध्यमिक विद्यालय, सोहांस खास पहुंचे।
बीएलओ से नए मतदाता का नाम जोड़ने के बारे में जानकारी ली और ग्राम प्रधान सोनू यादव से कहा कि जिनकी आयु आयु 18 वर्ष पूर्ण हो गई है, उनका नाम मतदाता सूची में अवश्य जोड़ा जाए। जिन महिलाओं की शादी हो गई है और जिस मतदाता की मृत्यु हो गई है, उनका नाम मतदाता सूची से हटाने के लिए फार्म भरवाकर अवश्य जमा करा दें। विकास क्षेत्र लोटन के प्राथमिक विद्यालय खखरा बुजुर्ग में निरीक्षण के दौरान बीएलओ ने बताया कि दो दिन में 15 फार्म-6 भरे गए हैं, लेकिन जांच में एक भी फार्म भरा नहीं मिला। डीएम ने नाराजगी जताते हुए बीएलओ के विरुद्ध कार्रवाई के लिए एसडीएम को निर्देशित किया।
मानीटरिंग में लगे लेखपाल अशोक यादव को को सभी बूथों का निरीक्षण कर मतदाताओं का नाम सूची में जोड़ने का निर्देश दिया। डीएम ने बताया कि विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण में दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि 29 अक्टूबर से 28 नवंबर तक है। इसके अलावा अतिरिक्त विशेष अभियान नौ व दस नवंबर और 23 व 24 नवंबर को आयोजित किया जाएगा।