डीएम ने किया लोगों को जागरूक
यूनिसेफ की ओर से जूम एप के जरिए अपील की गई
कोरोना टीका के प्रति फैली अफवाहों पर विराम लगाएं
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। कोरोना टीकाकरण अभियान को तेज करने के लिए डीएम दीपक मीणा नेे तीन ब्लॉकों से जुड़े मदरसों के शिक्षकों और कर्मियों से जूम एप के जरिए संवाद किया। इस दौरान उन्होंने अधिकाधिक लोगों में जागरूकता फैलाने की अपील की।
यूनिसेफ की ओर से बुधवार को डीएम ने डुमरियागंज, भनवापुर और इटवा ब्लॉक के मदरसों के प्रबंधकों समेत शिक्षकों, शिक्षणेत्तर कर्मियों से जूम एप के जरिए संवाद किया। डीएम ने कहा कि कोरोना टीका को लेकर फैलाई जा रही भ्रांतियों, अफवाहों पर अंकुश लगाने में सभी की भूमिका अहम है। अपने-अपने क्षेत्रों में समाज के लोगों खासकर मुस्लिम परिवारों में टीका के प्रति जागरूक करें। उन्हें बताएं कि टीका लगवाने से कोई नुकसान नहीं है। टीका लगने के दिन बुखार, हाथ में हल्का दर्द जैसी समस्याएं हो सकती हैं। इससे घबराने की आवश्यकता नहीं है। प्रबंधकों, प्रधानाचार्यों से टीकाकरण अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने के साथ ही अफवाहों, भ्रांतियों को दूर करने में जागरूकता अभियान शुरू करने की अपेक्षा की। सीडीओ पुलकित गर्ग, एजाजुल हक खान, अमित शर्मा ने भी टीका के प्रति कई अहम जानकारियां दी। इस दौरान भदोखर के मोहम्मद मकसूद, टिकरिया के अब्दुल मोगीश, मधवापुर के मोहम्मद, टड़वा के मोहम्मद एहसान भी शामिल थे। डीएमओ एजाजुल हक खान ने बताया कि 10 जून को मिठवल, खेसरहा, बांसी, 11 जून को बढ़नी, शोहरतगढ़, खुनियांव, 12 जून को जोगिया, नौगढ़, उसका, लोटन और बर्डपुर से संबंधित मदरसों के शिक्षकों, कर्मियों से संवाद करेंगे।