भनवापुर। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिरसिया क्षेत्र के रमवापुर राउत में बृहस्पतिवार को स्वास्थ्य शिविर लगाया गया। इसमें चिकित्सकीय टीम ने 46 लोगों का इलाज करते हुए 25 को बलगम की डिब्बी का वितरण किया।
सीएचसी अधीक्षक डाॅ. शैलेंद्र मणि ओझा ने बताया गया कि राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के तहत 6 दिसंबर 2024 से 17 मार्च 2025 तक 100 दिवसीय अभियान के दौरान सीएचसी, पीएचसी, आयुष्मान आरोग्य मंदिर तथा ग्राम स्तर पर स्वास्थ्य शिविर के माध्यम से ऐसे व्यक्तियों पर विशेष ध्यान देते हुए बलगम की जांच करवाई जाएगी, जिनमें क्षय रोग होने की संभावना अधिक होती है। 60 वर्ष से अधिक उम्र के व्यक्ति, अल्कोहलिक व्यक्ति, तंबाकू का उपयोग करने वाले व्यक्ति, कुपोषित व्यक्ति, क्षय रोगियों के साथ रहने वाले व्यक्ति, लंबे समय से बुखार, खांसी व डायबिटीज के मरीज तथा लंबे समय से गर्भवती न होने वाली महिलाओं आदि की जांच की जाएगी।
अधीक्षक ने बताया कि खांसी में देरी भारी पड़ेगी। खांसी रोग क्षय रोग का मुख्य लक्षण है तथा क्षय रोग बहुत ही संक्रामक एवं जानलेवा है, जिसका समय रहते इलाज प्रारंभ करने से मरीज को पूरी तरह से ठीक किया जा सकता है। अन्य व्यक्तियों को भी संक्रमण से बचाया जा सकता है।