बढनी। एटीएम से रुपये निकालने गए युवक की वापस लौटते समय संदिग्ध हाल में मौत हो गई। साथ गए दोस्त ने मौत का कारण सड़क हादसा बताते हुए शव घर पहुंचाया। घरवालों केे संदेह के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
वार्ड नंबर तीन निवासी चुन्नीलाल बढ़ई की दूसरी पत्नी का पुत्र अशोक (32) वर्ष मुंबई में रहता है। करीब दस दिन पूर्व वह बढ़नी आया था। चुन्नीलाल के मुताबिक शुक्रवार की रात अशोक अपने दोस्त ढेबरुआ थाना क्षेत्र के औरहवा निवासी सूरज को साथ लेकर एटीएम से रुपये निकालने शोहरतगढ़ गया था। रात करीब 10 बजे अशोक का शव लेकर सूरज घर पहुंचा और बताया कि शोहरतगढ़ से लौटते समय पचऊथ तिराहा के पास बाइक बोल्डर से टकरा गई। सिर में चोट लगने से अशोक की मौत हो गई।
चुन्नीलाल ने मौत का कारण संदिग्ध मानकर पुलिस को तहरीर देकर पोस्टमार्टम की मांग की है। चौकी प्रभारी ओंकार सहाय ने बताया कि तहरीर मिली है। लाश का पंचनामा कराकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।